बिहारः भारी बारिश ने मचाया कहर, दीवारे और पेड़ गिरने से मची तबाही

बिहारः पूरे उत्तर भारत में लगातार हो रही बारिश के कारण कई इलाकों में पानी भर गया है और जगह जगह पर जलभराव के कारण सड़कों का बुरा हाल है तो वहीं कई जगहों पर दीवारें गिरने की खबरें भी आ रही हैं। बिहार के भागलपुर में भारी बारिश के कारण 3 लोगों की मौत हो गई है जबकि कुछ लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
भागलपुर के गंगा किनारे हनुमान घाट पर मंदिर की दीवार ढह गई है। इस हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई है। मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है। राज्य आपदा प्रबंधन बल रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गया है। रिपोर्ट के मुताबिक कई लोगों के यहां दबे होने की आशंका है। बता दें कि भागलपुर में पिछले चार दिनों से लगातार बारिश हो रही है।
बारिश की वजह से एक दुखद खबर बिहार के खगौल से आई है। यहां पर भारी बारिश की वजह से एक ऑटो पर एक पेड़ गिर गया। इस हादसे में ऑटो में बैठे 4 लोगों की मौत हो गई है। खगौल भारी बारिश की चपेट में है। राहत एजेंसियां पेड़ को सड़क से हटाने की कोशिश कर रही हैं।पिछले मात्र कुछ घंटों में बिहार में बारिश से 7 लोगों की मौत हो चुकी है।





