उज्जैन। माकड़ोन थाना क्षेत्र में रहने वाली एक किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने वाले आरोपतों को शनिवार को पुलिस ने जेल भेज दिया है। बुधवार दोपहर नाबालिग अपने स्वजन के साथ खेत पर काम कर रही थी। उसी दौरान आरोपित उसका अपहरण कर ले गए थे। जंगल में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया था। शुक्रवार को पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया था। इनमें से एक आरोपित नाबालिग है। इस कारण उसे बाल सुधारगृह भेजा गया है।
एसआइ अशोक शर्मा ने बताया कि थाना क्षेत्र में रहने वाली एक नाबालिग बुधवार दोपहर अपने स्वजन के साथ खेत में काम कर रही थी। उसी दौरान ग्राम भगतपुर निवासी गोविंद पुत्र बंशीलाल गुर्जर, विनोद पुत्र इंदर गुर्जर व एक अन्य नाबालिग वहां आया और किशोरी को बहला-फुसलाकर ले गए थे।
तीनों ने किशोरी को जंगल में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। किशोरी को खेत पर ना पाकर स्वजन ने थाने में शिकायत की थी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी थी। देर रात को किशोरी घर लौटी थी।
इसके बाद उसने स्वजन को घटनाक्रम के बारे में जानकारी दी। पुलिस ने तीनों के खिलाफ दुष्कर्म व पाक्सो एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया था। तीनों आरोपितों को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया था। शनिवार को इन्हें कोर्ट में पेश किया गया था। जहां से दो को तराना जेल भेजा गया है तो वहीं नाबालिग को बाल सुधारगृह भेज दिया गया।