उन्नाव रेप पीड़िता की मौत के बाद पिता के नहीं थम रहे आंसू, बोले- हैदराबाद जैसा मिले इंसाफ

उन्नावः उन्नाव रेप पीड़िता आखिरकार जिंदगी की जंग हार गई और शुक्रवार देर रात सफदरजंग अस्पताल में उसने अंतिम सांस ली। बेटी की मौत के बाद पिता के आंसू थमते नजर नहीं आ रहे हैं। बुजुर्ग पिता ने गुहार लगाते हुए कहा कि जैसे हैदराबाद पुलिस ने एनकाउंटर में रेप के आरोपियों को दौड़ाकर गोली मारी थी, उसी तरह मेरी बेटी के दरिंदों को सजा मिलनी चाहिए। मौत का बदला सिर्फ मौत होता है।
पीड़ित पिता ने कहा ‘मेरे परिवार को रूपया पैसा नहीं चाहिए। मेरी बेटी को इंसाफ चाहिए। बेटी की मौत के गुनाहगारों को बगैर देर किए फांसी मिले या उन्हें दौड़ा कर गोली मार दी जाए।’ बुजुर्ग ने कहा कि उनके परिवार को आरोपी जान की धमकी सरेआम देते थे। मुकदमा वापस न लेने या मुंह खोलने पर जान से मारने और आग के हवाले करने की धमकी उनकी पुत्री और परिजनों को कई बार मिली।
उन्होंने पुलिस को इसकी जानकारी दी, लेकिन वे हर बार उन्हें टरका देते थे। उन्होंने कहा कि बेटी की मौत की खबर उन्हें समाचार पत्र से आज सुबह मिली। जिला अथवा पुलिस प्रशासन का कोई अधिकारी उन्हें इसकी सूचना देने नहीं आया। यहां तक की कोई नेता अथवा क्षेत्रीय विधायक भी उनके परिवार की खैरियत पूछने नहीं आया।
बता दें कि, बलात्कार पीड़िता की मौत के बाद कानून-व्यवस्था कायम रखने के लिए बिहार कस्बे को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। पुलिस और जिला प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर मौजूद है। कस्बे में सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीण पिछले दो दिनों से अपने घरों में दुबके हुए हैं।





