लालू-तेजस्वी के नाम पर महागठबंधन दो-फाड़, RJD सुप्रीमो को कोऑर्डिनेटर नहीं मानते घटक दल

पटना। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) भले ही तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) को आगामी विधानसभा चुनाव (Bihar Assembly Election) में महागठबंधन (Grand Alliance) का मुख्यमंत्री चेहरा (CM Face) तथा आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) को महागठबंधन का समन्वयक (Coordinator) माने, सहयोगी दल इसपर एकमत नहीं। आरजेडी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह (Jagadanand Singh) ने जब लालू प्रसाद यादव को महागठबंधन का समन्वयक बताते हुए घटक दलों को इसे स्वीकार करने की बात कही तो विकासशील इंसान पार्टी (VIP) को छोड़कर किसी अन्य ने इसे स्वीकार नहीं किया। इसके पहले तेजस्वी के महागठबंधन का मुख्यमंत्री उम्मीदवार होने पर घटक दल आपत्ति जता चुके हैं।
जगदानंद सिंह बोले: महागठबंधन के समन्वयक हैं लालू
विदित हो कि जगदानंद सिंह ने महागठबंधन के घटक दलों से सवाल किया कि आखिर कौन महागठबंधन की लाइन तय करने वाले आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की जगह लेना चाहता है? लालू प्रसाद यादव ही महागठबंधन के समन्वयक हैं। सभी दलों को उनके साथ एकजुटता के साथ रहना होगा।
जगदानंद सिंह ने कहा कि महागठबंधन ने गत लोकसभा चुनाव लालू प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में ही लड़ा था। बिहार में सबसे बड़ी पार्टी आरजेडी ही है। इसे स्वीकार करने वाले किसी भी दल का महागठबंधन में स्वागत है।
कांग्रेस बोली: समन्वय समिति बनाएं, फिर तय होगा अध्यक्ष
महागठबंधन में शामिल एकमात्र राष्ट्रीय दल कांग्रेस (Congress) के प्रदेश प्रवक्ता राजेश राठौर (Rajesh Rathod) ने कहा कि बिहार में महागठबंधन के घटक दलों के बीच बेहतर समन्वय के लिए समन्वय समिति (Coordination Committee) का होना आवश्यक है। इसका अध्यक्ष (Chairman) कौन होगा, यह घटक दल मिलकर तय करेंगे। घटक दल के नेता ही तय भी करेंगे कि समन्वय समिति में कौन-कौन शामिल रहेगा। कांग्रेस प्रवक्ता का यह बयान प्रदेश आरजेडी अध्यक्ष द्वारा लालू प्रसाद यादव को महागठबंधन का समन्वयक मानने से इनकार करता दिख रहा है।
आपसी विमर्श से ही किया जाए कोई फैसला: उपेंद्र कुशवाहा
जगदानंद सिंह के बयान पर राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (RLSP) सुप्रीमो उपेंद्र कुशवाहा (Upendra Kushwaha) ने भी आपत्ति दर्ज की है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में आपसी विमर्श से कोई फैसला किया जाना चाहिए। यह बात मीडिया में नहीं उठाकर उचित फोरम में की जानी चाहिए।
‘हम’ ने भी दर्ज की आपत्ति, कहा- समन्वय समिति बने
हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (HAM) के राष्ट्रीय प्रवक्ता दानिश रिजवान (Danish Rijwan) के अनुसार उनकी पार्टी लंबे समय से महागठबंधन में समन्वय समिति की मांग करती रही है। इस समिति का अध्यक्ष कौन होगा, यह आरजेडी के प्रदेश अध्यक्ष कैसे तय कर सकते हैं? आरजेडी को समन्वय समिति के लिए पहल करनी चाहिए।
मुकेश सहनी ने कहा- लालू महागठबंधन के निर्विवाद नेता
महागठबंधन के घटक दलों में केवल वीआइपी सुपीमो मुकेश सहनी (Mukesh Sahni) ही आरजेडी प्रदेश अध्यक्ष के बयान के समर्थन में खड़े दिखे। उन्होंने लालू प्रसाद यादव को महागठबंधन का सबसे बड़ा नेता बताते हुए उन्हें महागठबंधन का निर्विवाद समन्वयक बताया।
तेजस्वी के सीएम फेस पर भी एकमत नहीं घटक दल
इसके पहले महागठबंधन के घटक दलों ने लालू के लाल व बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को भी आगामी चुनाव में मुख्यमंत्री चेहरा मानने से इनकार कर दिया था। बीते दिनों आरजेडी राष्ट्रीय परिषद की बैठक एवं खुला अधिवेशन में लालू को 11वीं बार पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष (National President) तथा तेजस्वी यादव को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए मुख्यमंत्री प्रत्याशी घोषित किया था। तब आरजेडी की इस घोषणा पर महागठबंधन दो-फाड़ दिखा था। इसके पहले व बाद में भी समय-समय पर महागठबंधन के घटन दलों के नेता विरोध में बयान देते रहे हैं।
बीते दिनों कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमचंद्र मिश्रा (Prem Chandra Mishra) ने कहा कि मुख्यमंत्री का फैसला पार्टी आलाकमान को करना है। कांग्रेस प्रवक्ता राजेश राठौर ने भी कहा कि विधानसभा चुनाव का परिणाम के बाद इसपर फैसला किया जाएगा। होगा। तेजस्वी यादव के मुख्यमंत्री उम्मीदवार बनाए जाने को उन्होंने आरजेडी का आंतरिक मामला। ‘हम’ के प्रवक्ता दानिश रिज़वान ने भी कहा था कि मुख्यमंत्री उम्मीदवार का फैसला महागठबंधन के स्तर पर महगठबंधन की बैठक में किया जाएगा।






