राष्ट्रपति भवन के बाद लोकसभा सचिवालय में भी कोरोना की दस्तक, संक्रमित मिला कर्मचारी

कोरोना का कहर देश में थमने की जगह बढ़ता ही जा रहा है। राष्ट्रपति भवन के बाद अब इसकी चपेट में लोकसभा सचिवालय भी आ गया है। लोकसभा में कार्यरत एक कर्मचारी में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। वह हाउस कीपिंग डिपार्टमेंट में काम करता है।
एक अधिकारी ने बताया कि कर्मचारी करीब दस दिन पहले बीमार हुआ था। खांसी, बुखार और शरीर में दर्द, जैसे कोरोना वायरस रोग के लक्षण दिखने के बाद वह 18 अप्रैल को जांच के लिए राम मनोहर लोहिया अस्पताल गया, जहां उसे कोरोना पॉजिटिव घोषित कर दिया गया। अधिकारी ने कहा कि 20 अप्रैल को उसकी रिपोर्ट आई, जिसमें वह कोरोना संक्रमित पाया गया।
लोकसभा के स्टाफ के कोरोना वायरस से संक्रमित होने का मामला ऐसे वक्त में आया है, जब राष्ट्रपति भवन से भी एक के पॉजिटिव होने की खबर आ चुकी है और इसकी वजह से करीब 125 परिवारों को क्वारंटाइन कर दिया गया है। .





