Dhanbad Election: संजीव सिंह और भाजपा समर्थित मेयर प्रत्याशी का नामांकन, प्रदेश अध्यक्ष बोले- अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं

धनबाद: झारखंड में नगर निकाय चुनाव को लेकर कोयलांचल की सियासत अब पूरी तरह गरमा गई है. बीजेपी समर्थित प्रत्याशी संजीव अग्रवाल और पूर्व विधायक संजीव सिंह दोनों ने मेयर पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है. दोनों दिग्गज नेताओं के मैदान में उतरते ही चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है.
नामांकन के दौरान लगा कार्यकर्ताओं का हुजूम
पूर्व विधायक संजीव सिंह ने सबसे पहले समाहरणालय पहुंचकर अपने समर्थकों के साथ नॉमिनेशन किया. नामांकन के दौरान संजीव सिंह के समर्थकों की भारी भीड़ देखने को मिली. इसके करीब दो घंटे बाद बीजेपी समर्थित प्रत्याशी संजीव अग्रवाल ने भी समाहरणालय पहुंचकर नामांकन दाखिल किया. संजीव अग्रवाल के समर्थन में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहु, धनबाद सांसद ढुल्लू महतो, विधायक राज सिन्हा समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे. इस दौरान हजारों की संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता भी साथ नजर आए.
मैं जनता के हित में लड़ रहा हूं चुनाव: संजीव सिंह
नॉमिनेशन के बाद पूर्व विधायक संजीव सिंह ने कहा कि उनका परिवार लंबे समय से कोयलांचल की जनता की सेवा करता आया है और जनता के हित में ही वे मेयर चुनाव लड़ रहे हैं. उन्होंने कहा कि धनबाद का समग्र विकास उनका मुख्य लक्ष्य है. पार्टी से अलग होकर चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव दलीय आधार पर नहीं हो रहा है, इसलिए इससे कोई फर्क नहीं पड़ता, कोई भी चुनाव लड़ सकता है.
संजीव अग्रवाल के समर्थन में बीजेपी
वहीं बीजेपी समर्थित प्रत्याशी संजीव अग्रवाल के समर्थन में पहुंचे सांसद ढुल्लू महतो ने कहा कि पार्टी ने संजीव अग्रवाल को मेयर प्रत्याशी के रूप में समर्थन दिया है और बीजेपी पूरी ताकत के साथ चुनाव जीतने के लिए मैदान में उतर चुकी है. वहीं बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने साफ कहा कि भाजपा समर्थित मेयर प्रत्याशी संजीव अग्रवाल ही हैं और वही जीतकर आएंगे.
पार्टी अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं करेगी: आदित्य साहू
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने संजीव सिंह समेत अन्य बीजेपी नेताओं द्वारा नामांकन किए जाने के सवाल पर जवाब देते हुए कहा कि चूंकि यह दलीय चुनाव नहीं है, इसलिए कोई भी चुनाव लड़ सकता है, लेकिन पार्टी अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं करेगी. नामांकन वापसी के बाद पार्टी ऐसे नेताओं पर विचार करेगी. बता जा रहा है कि पूर्व विधायक संजीव सिंह के अलावा बीजेपी नेता मुकेश पांडेय और भृगुनाथ भगत ने भी मेयर पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया है.






