ब्रेकिंग
Crime in Bhopal: राजधानी में खौफनाक वारदात! ई-रिक्शा चालक ने दोस्तों के साथ मिलकर युवक को चाकू से रे... AIIMS News: एम्स से मोहभंग! आखिर क्यों संस्थान छोड़ रहे हैं दिग्गज डॉक्टर्स? जानें इस्तीफे की 5 बड़ी... PM Modi in Bengaluru: "कांग्रेस सत्ता की भूखी है!" बेंगलुरु में पीएम मोदी का वार— कहा, मौका मिलते ही... Shocking Murder: मासूम भतीजे की कातिल निकली बड़ी मम्मी; जान से मारकर कचरे में छिपाया शव, पुलिस ने कि... Sultanpur Crime: पति गया था बेटे-बहू से मिलने, पीछे से बुजुर्ग पत्नी की बेरहमी से हत्या; सुल्तानपुर ... IPL 2026: 15 साल के वैभव सूर्यवंशी के आगे बेबस हुए गेंदबाज! दिग्गज राशिद खान ने ऐसे किया शिकार, वीडि... Raja Shivaji Box Office Day 9: रितेश देशमुख की 'राजा शिवाजी' ने पकड़ी रफ्तार; दूसरे शनिवार को की जबर... Pakistan Terror Attack: पाकिस्तान में पुलिस स्टेशन पर बड़ा आतंकी हमला; फिदायीन धमाके में 3 पुलिसकर्म... Mother's Day 2026: मदर्स डे पर मां को भेजें खास WhatsApp Stickers; जानें स्टेप-बाय-स्टेप खुद का स्टि... Shani Jayanti 2026: शनि जयंती पर भूलकर भी न करें ये 5 गलतियां; शनि देव हो सकते हैं नाराज, जानें पूजा...
देश

मां फायरिंग शुरू हो गई है, फोन रखता हूं, बाद में करूंगा…यही थे शहीद शंकर के आख‍िरी शब्‍द

नैनीताल : मां फायरिंग शुरू हो गई है, अभी फोन रखता हूं, बाद में करूंगा…। देश की रक्षा के लिए शहादत देने वाले पिथौराढ़ के जवान शंकर सिंह महरा के यह अपनी मां से फोन पर कहे गए अंतिम शब्द थे। अपने लाल की शहादत की खबर सुनने के बाद मां बदहवास है तो पत्नी अचेत है। घर पर कोहराम मचा है।

जम्मू कश्मीर के उरी सेक्टर में पाकिस्तानी सेना की गोलाबारी में गंगोलीहाट तहसील के नाली गांव के नायक शंकर सिंह महरा के शहीद होने से पूरा क्षेत्र शोक में डूबा है। शहादत की खबर मिलते ही शहीद की मां और पत्नी बेहोश हैं। पूर्व सैनिक पिता की आंखे पथराई हैं। शहीद का अबोध पांच साल का बेटा गुमसुम है। जिसे देख कर ढांढस बंधाने वाले भी रो रहे हैं।

पिता भी रहे हैं फौज में, छोटा भाई भी जवान 

21 कुमाऊं रेजिमेंट में तैनात नायक शंकर सिंह महरा सैन्य पृष्ठभूमि वाले परिवार से थे। पिता मोहन सिंह सेना से सेवानिवृत्त हैं। शहीद का छोटा भाई नवीन सिंह भी सेना के राष्ट्रीय रायफल में है और वर्तमान में जम्मू कश्मीर में तैनात है। जो शहीद के पार्थिव शरीर के साथ घर आ रहा है। शनिवार की रात्रि खबर को सुनने के बाद शहीद की मां जानकी देवी और पत्नी इंदु बेहोश हो गए थे। आसपास के ग्रामीणों ने दोनों को होश में लाया गया। दोनों अचेत हैं और ग्रामीण उनको ढांढस बंधाने में जुटे हैं।

ग्यारह वर्ष पूर्व सेना में भर्ती हुआ था शंकर

शंकर सिंह महरा 11 वर्ष पूर्व सेना में भर्ती हुआ था। वर्तमान में 21 कुमाऊं रेजिमेंट में नायक पद जम्मू कश्मीर में तैनात था। सात साल पूर्व शादी हुई थी। पांच वर्षीय एक पुत्र हर्षित है। वह मां के साथ रह कर हल्द्वानी में पब्लिक स्कूल में एलकेजी में पढ़ता है। लॉकडाउन के चलते इस समय मां और बेटा गांव आए हैं। शंकर अपने मृदु व्यवहार को लेकर ग्रामीणों का चहेता था। शंकर की शहादत की खबर से पूरा गांव रो रहा है। शंकर सिंह महरा डेढ़ माह पूर्व अवकाश पूरा करने के बाद ड्यूटी में लौटा था। जाते समय मां से जल्दी घर आने को कह कर गया था। इधर मात्र डेढ़ माह बाद ही शहीद होने की सूचना मिली है। जिसे याद कर मां रो रही है ।

शुक्रवार की देर शाम मां को नहीं बताया गया था

शंकर सिंह जब सीमा पर शहीद हुए तो शुक्रवार की देर शाम को ही गांव में खबर पहुंच गई, लेकिन उनकी माता को यह दुखद समाचार नहीं सुनाया गया। शनिवार की सुबह जब गांव के लोग वहां पहुंचने लगे तो उन्हें कुछ अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने पूछा कि कहीं उनके शंकर के साथ कुछ हुआ तो नहीं। फिर जब बेटे की शहादत की खबर उन्हें दी गई तो वह गश खाकर गिर पड़ीं।

जनवरी में छुट्टी आए थे शंकर सिंह

शहीद शंकर सिंह जनवरी में छुट्टी पर घर आए थे। एक माह की छुट्टी पूरी करने के बाद ही फरवरी में यूनिट लौट गए थे। इससे पहले वह महाकाली मंदिर में सेना की ओर से किए गए धर्मशाला के निर्माण के दौरान भी आए थे।

आज पहुंचेगा पार्थ‍िव शरीर 

शहीद के पूर्व सैनिक पिता मोहन सिंह चुपचाप हैं। खुद सैनिक रहे पिता जैसे तैसे अपने को संभाले हैं। घर पर जो हो रहा है उसे देख कर शहीद का पांच वर्षीय पुत्र हर्षित गुमसुम है। शहीद की एक बहन है जिसकी शादी हो गई है। शहीद की पत्नी इंदु दो वर्ष पूर्व शहीद हुए सुगड़ी गांव निवासी शहीद पवन सिंह की चचेरी बहन है। इंदु के दादा स्व. देव सिंह वर्ष 1962 के भारत चीन युद्ध में शहीद हुए थे। शहीद का पार्थिव शरीर रविवार को पैतृक गांव पहुंचेगा।

Related Articles

Back to top button