Bastar News Update: बस्तर में दीपोत्सव बना सियासी अखाड़ा, जगदलपुर में कांग्रेस-भाजपा के बीच धक्का-मुक्की; चश्मे और चूड़ियां टूटीं

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले अंतर्गत जगदलपुर में आयोजित दीपोत्सव कार्यक्रम अचानक सियासी टकराव का मैदान बन गया। मिताली चौक से लेकर प्रसिद्ध दंतेश्वरी मंदिर परिसर तक आयोजित इस दीपोत्सव कार्यक्रम के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्का-मुक्की, गाली-गलौज और विवाद हुआ। इससे पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मार्ग पर आयोजित दीपोत्सव को लेकर विरोध दर्ज कराया था, जिस दौरान मौके पर मौजूद प्रदेश के गृह मंत्री विजय शर्मा और कांग्रेस नेताओं के बीच काफी तीखी बहस भी हुई।
👟 उग्र विवाद के बाद चले जूते-चप्पल: सड़क पर बिखरीं टूटी चूड़ियां और चश्मे
गृह मंत्री विजय शर्मा से बहस के बाद मामला अचानक उग्र हो गया और देखते ही देखते हालात बेकाबू हो गए।
दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर जूते-चप्पल फेंके गए। इस हाथापाई और गहमागहमी में कई महिला कार्यकर्ताओं की चूड़ियां टूटने और कई लोगों के चश्मे टूटकर गिरने की बात सामने आई है। घटना के बाद सड़क पर जगह-जगह चप्पलें, टूटी चूड़ियां और चश्मों के कांच बिखरे हुए नजर आए। करीब डेढ़ घंटे की भारी मशक्कत के बाद पुलिस बल ने हस्तक्षेप कर स्थिति पर काबू पाया।
🛒 छोटे व्यापारियों का नुकसान कर रही भाजपा: कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुशील मौर्य का गंभीर आरोप
घटना को लेकर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सुशील मौर्य का कहना है कि बीते दो दिनों से मिताली चौक और दंतेश्वरी मंदिर परिसर में जन्मोत्सव व दीपोत्सव आयोजनों के कारण छोटे दुकानदारों का व्यापार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने कहा, “हम गृह मंत्री के समक्ष शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रख रहे थे। हमारा उद्देश्य किसी का जन्मदिन मनाने का विरोध करना नहीं था। भाजपा को यह आयोजन सीटी मैदान, गांधी मैदान या दलपत सागर में करना चाहिए था, लेकिन उन्होंने मंदिर प्रांगण का गलत चयन किया। हम गरीब और छोटे दुकानदारों के हक की लड़ाई लड़ रहे हैं, जो भाजपाइयों को बर्दाश्त नहीं हो रहा। सत्ता के बल पर इस तरह का अन्यायपूर्ण रवैया सहन नहीं किया जाएगा।”
🗣️ कांग्रेस के पेट में हो रहा दर्द, राजनीति चमका रहे कांग्रेसी: भाजयुमो जिलाध्यक्ष का पलटवार
दूसरी ओर, भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिलाध्यक्ष अभिलाष यादव ने कांग्रेस के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे केवल सस्ती राजनीति करार दिया है।
उन्होंने कहा कि देश भर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मोत्सव उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है, जिसे देखकर कांग्रेसियों के पेट में दर्द हो रहा है। इसी हताशा में कांग्रेसी नेता और उनके स्थानीय पार्षद आयोजन में बाधा डालकर जूते-चप्पल फेंक रहे हैं और माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं।





