दिल्ली: कोरोना पर अमित शाह की हाईलेवल मीटिंग, गृह मंत्रालय पहुंचे LG बैजल और CM केजरीवाल

दिल्ली में लगातार कोरोना के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं। दिल्ली में कोरोना संक्रमितों की संख्या 40 हजार के करीब पहुंचने वाली है। इस बीच, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दिल्ली में कोरोना की स्थिति पर आज चर्चा करेंगे। इस हाईलेवल मीटिंग के लिए दिल्ली के उप-राज्यपाल अनिल बैजल और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल गृह मंत्रालय पहुंच गए हैं। अमित शाह और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन की कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा के लिए बुलाई गई इस बैठक में दिल्ली के उप-राज्यपाल, मुख्यमंत्री के अलावा एसडीएमए के सदस्य और एम्स के निदेशक डॉ रणदीप गुलेरिया भी शामिल होने वाले हैं। सभी मंत्रालय में पहुंच गए हैं।
शाह दिल्ली के तीनों नगर निगमों- उत्तर, दक्षिण और पूर्वी –के महापौरों और शीर्ष अधिकारियों के साथ अलग से बैठक करेंगे। केजरीवाल 17 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ भी बैठक करेंगे।
राजधानी में Covid-19 की स्थिति से निपटने के तरीकों और अस्पतालों में मरीजों के लिए बिस्तरों की उपलब्धता नहीं होने व प्रयोगशालाओं में जांच में आ रही मुश्किलों को लेकर अलग-अलग वर्गों द्वारा आलोचना हो रही है। सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को शहर की सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि दिल्ली की अस्पतालों की स्थिति बेहद “भयावह” है और Covid-19 मरीजों के पास शव रखे दिख रहे हैं।






