पंजाब में स्थानीय निकाय चुनाव का ऐलान: पटियाला, बाघापुराना और धर्मकोट के 52 वार्डों में 28 नवंबर को डाले जाएंगे वोट

चंडीगढ़: पंजाब राज्य चुनाव आयोग ने राज्य के शहरी स्थानीय निकायों में चुनाव प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए पटियाला नगर निगम के 30 वार्डों, बाघापुराना नगर कौंसिल के 15 वार्डों तथा धर्मकोट नगर कौंसिल के 7 वार्डों में सदस्यों के निर्वाचन हेतु पुनर्चुनाव का विस्तृत कार्यक्रम घोषित कर दिया है। इन तीनों नगर निकायों के कुल 52 वार्डों के लिए आगामी 28 नवंबर को मतदान संपन्न कराया जाएगा। खास बात यह है कि इस बार चुनाव बैलेट पेपर की बजाय इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के माध्यम से आयोजित किए जाएंगे। चुनाव आयोग की इस घोषणा के साथ ही संबंधित क्षेत्रों में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।
नामांकन प्रक्रिया का पूरा शेड्यूल हुआ जारी, छुट्टियों के चलते इन तारीखों पर नहीं स्वीकार किए जाएंगे पर्चे
राज्य चुनाव आयोग द्वारा जारी किए गए आधिकारिक चुनावी कार्यक्रम के अनुसार, उम्मीदवारों द्वारा नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया 13 नवंबर से आरंभ हो रही है। प्रत्याशी 13 नवंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक अपने नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। इसके बाद बीच में कुछ दिनों के अवकाश रहेंगे— जैसे 14 नवंबर को बैंक अवकाश, 15 नवंबर को रविवार और 16 नवंबर को राजपत्रित अवकाश होने के कारण नामांकन पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे। इसके पश्चात 17, 18 और 19 नवंबर को भी सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल करने का कार्य जारी रहेगा। प्राप्त नामांकन पत्रों की संवीक्षा (जांच) 20 नवंबर को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक की जाएगी, जबकि उम्मीदवार 21 नवंबर को दोपहर 3 बजे तक अपने नाम वापस ले सकेंगे। आयोग के निर्देशानुसार 28 नवंबर (शनिवार) को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान करवाया जाएगा, जबकि मतगणना से जुड़े दिशा-निर्देश पृथक से जारी किए जाएंगे।
उम्मीदवारों के लिए शपथ पत्र और केवाईसी जरूरी, कुल 1.76 लाख से अधिक मतदाता करेंगे अपने मताधिकार का इस्तेमाल
निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि चुनाव मैदान में उतरने वाले सभी उम्मीदवारों को अपने नामांकन के साथ निर्धारित प्रारूप में शपथ पत्र जमा कराना अनिवार्य होगा। यदि कोई प्रत्याशी किसी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल के टिकट पर चुनाव लड़ रहा है, तो उसे पार्टी का आधिकारिक प्राधिकरण पत्र भी संलग्न करना होगा। इसके अलावा, उम्मीदवारों की केवाईसी (KYC) से जुड़ी जानकारियां संबंधित जिला प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइटों पर सार्वजनिक की जाएंगी। इन चुनावों के लिए पटियाला नगर निगम के 30 वार्डों के अंतर्गत 123 मतदान केंद्र, बाघापुराना नगर कौंसिल के 15 वार्डों के लिए 20 पोलिंग बूथ तथा धर्मकोट नगर कौंसिल के 7 वार्डों के वास्ते 7 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन सभी निकायों में कुल 1,76,429 पंजीकृत मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 91,415 पुरुष, 84,999 महिलाएं और 15 अन्य श्रेणियों के मतदाता शामिल हैं।
चुनाव खर्च की अधिकतम सीमा तय, उच्च न्यायालय की निगरानी समिति रखेगी नजर और लागू हुई आचार संहिता
चुनावी पारदर्शिता बनाए रखने के लिए राज्य चुनाव आयोग ने प्रत्याशियों के वास्ते चुनाव खर्च की सीमा भी तय कर दी है। इसके तहत नगर निगम के उम्मीदवार चुनाव प्रचार में अधिकतम 4 लाख रुपए तक खर्च कर सकेंगे, जबकि क्लास-2 श्रेणी की नगर कौंसिल के उम्मीदवारों के लिए खर्च की यह सीमा 2 लाख 30 हजार रुपए निर्धारित की गई है। पूरी चुनावी प्रक्रिया पर कड़ी निगरानी रखने के लिए माननीय उच्च न्यायालय द्वारा एक विशेष मॉनिटरिंग कमेटी का गठन किया गया है। इन चुनावों की घोषणा के साथ ही संबंधित नगर निकायों के संपूर्ण अधिकार क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो चुकी है, जो चुनाव प्रक्रिया संपन्न होने तक पूरी सख्ती के साथ प्रभावी रहेगी।





