मोहाली जिला खजाना दफ्तर में 19 से 21 नवंबर तक लगेगा विशेष पेंशन सेवा कैंप

मोहाली: मोहाली जिले के पेंशनभोगियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए जिला खजाना दफ्तर में आगामी 19 नवंबर से 21 नवंबर तक ‘पेंशन सेवा पोर्टल’ से जुड़ा एक विशेष कैंप आयोजित किया जा रहा है। जिला खजाना अफसर रेणुका ने जानकारी देते हुए बताया कि जिन पेंशनर्स का जीवन प्रमाण पत्र या ई-केवाईसी (e-KYC) का कार्य अभी तक लंबित (पेंडिंग) है, वे इस विशेष शिविर के दौरान सीधे पहुंचकर मौके पर ही अपनी इन सभी जरूरी प्रक्रियाओं को सफलतापूर्वक पूरा करवा सकते हैं।
कैंप में आने वाले पेंशनर्स को अपने साथ लाने होंगे ये आवश्यक दस्तावेज
जिला खजाना अफसर ने बताया कि कैंप में आने वाले सभी पेंशनर्स को अपनी पहचान और रिकॉर्ड के सत्यापन के लिए कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज साथ लाने अनिवार्य हैं। इनमें मुख्य रूप से आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक, पी.पी.ओ. (P.P.O.) की कॉपी और आधार कार्ड से लिंक चालू मोबाइल नंबर वाला फोन शामिल है। प्रशासन ने सभी संबंधित पेंशनभोगियों से अपील की है कि जिन लोगों का जीवन प्रमाण पत्र या ई-केवाईसी का काम अभी बाकी है, वे निर्धारित तारीखों के दौरान इस कैंप का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपनी औपचारिकताएं समय पर पूरी करवाएं, ताकि उनकी पेंशन की अदायगी में किसी प्रकार की रुकावट न आए और भुगतान निर्विघ्न रूप से जारी रह सके।





