जींद में इंटक हरियाणा प्रतिनिधि सम्मेलन का आयोजन, श्रमिकों के अधिकारों पर हुई विस्तृत चर्चा

जींद: हरियाणा में श्रमिकों और कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा, उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान तथा इंटक संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से जींद के जाट भवन में इंटक हरियाणा प्रतिनिधि सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया।
दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में हुआ सम्मेलन, श्रमिक हितों से जुड़े मुद्दों पर मंथन
हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त के मार्गदर्शन और हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में संपन्न इस सम्मेलन में सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने विशेष रूप से शिरकत की। इस दौरान प्रदेशभर से पहुँचे इंटक प्रतिनिधियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने श्रमिक हितों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया।
श्रमिक और कर्मचारी देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़: राव नरेंद्र सिंह
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि श्रमिक और कर्मचारी देश तथा प्रदेश की अर्थव्यवस्था की मुख्य रीढ़ हैं। उनके अथक परिश्रम और योगदान के बिना किसी भी विकास की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने जोर देकर कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से मजदूरों, कर्मचारियों और मेहनतकश वर्ग के अधिकारों की मुखर समर्थक रही है।
प्रदेश सरकार पर तीखा हमला, बेरोजगारी और दंडात्मक कार्रवाई पर उठाए सवाल
राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि आज हरियाणा का युवा गंभीर बेरोजगारी की मार झेल रहा है और महिलाएँ खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। अदालत के आदेश के बावजूद गेस्ट टीचरों को उनके घरों से गिरफ्तार किया गया, जिसमें महिला शिक्षिकाओं तक को नहीं बख्शा गया। यह पूरी तरह से कर्मचारियों के सम्मान और अधिकारों पर सीधा प्रहार है।
किसानों का बढ़ता कर्ज और चरमराई शिक्षा-स्वास्थ्य व्यवस्था पर घेराव
राव नरेंद्र सिंह ने आगे कहा किकिसानों की आमदनी दोगुनी होने के बजाय लगातार उन पर कर्ज का बोझ बढ़ता जा रहा है। सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की भारी कमी है और अस्पतालों में डॉक्टर उपलब्ध नहीं हैं। प्रदेश की चरमराई शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़े इन गंभीर सवालों का जवाब सरकार को देना ही होगा।
जींद में घनी आबादी के बीच बायोगैस प्लांट लगाने पर जताई गहरी आपत्ति
जींद के स्थानीय मुद्दे को उठाते हुए उन्होंने कहा कि शहर की घनी आबादी के बीच बायोगैस प्लांट स्थापित किए जाने से आसपास के निवासियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा पर गंभीर संकट पैदा हो रहा है। जनता के जीवन और स्वास्थ्य से जुड़े इस संवेदनशील विषय को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने सरकार से मांग की कि स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए।
कर्मचारियों की हर जायज मांग और न्याय की लड़ाई मजबूती से लड़ेगी कांग्रेस
उन्होंने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों की सेवा सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा, सम्मानजनक वेतन और अन्य न्यायसंगत मांगों को लेकर कांग्रेस पार्टी उनकी मजबूत आवाज बनेगी। इंटक संगठन को सशक्त करना और उसके कार्यकर्ताओं को उचित भागीदारी दिलाना पार्टी की प्राथमिकताओं में शामिल है। कांग्रेस हमेशा श्रमिकों के हक और न्याय के लिए उनके साथ खड़ी रहेगी।
श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है पार्टी: संजय दत्त
कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त ने अपने संबोधन में कहा कि पार्टी श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इंटक से जुड़े साथियों को संगठन और पार्टी में उचित सम्मान व प्राथमिकता दी जाएगी। कर्मचारियों की सभी जायज समस्याओं को उच्च स्तर पर उठाया जाएगा और उनके भविष्य की सुरक्षा के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और बेहतर तालमेल का संकल्प
सम्मेलन के अंत में इंटक संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, श्रमिकों की समस्याओं को एकजुट होकर उठाने तथा कांग्रेस और इंटक के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष बल दिया गया। इस अवसर पर सांसद सतपाल ब्रह्मचारी, हरियाणा इंटक अध्यक्ष अमित यादव, पूर्व मंत्री जगदीश, जिला अध्यक्ष ऋषिपाल, सुभाष गांगुली, सुशील धानक सहित हजारों की संख्या में गणमान्य लोग एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





