गुजरात में एक सीट पर सस्पेंस, राजस्थान में विदेश से लौटे कांग्रेस विधायक वोट डालने पहुंचे

नई दिल्ली। गुजरात की चार राज्यसभा सीटों के लिए पहली वरीयता का मतदान समाप्त हो गया है। मतदान के बाद, तीन उम्मीदवारों की जीत पक्की मानी जा रही। इसमें भाजपा के दो और कांग्रेस के एक उम्मीदवार की जीत तय है, जबकि एक सीट पर सस्पेंस बरकरार है। बता दें कि राज्य में चार राज्यसभा सीटों पर पांच उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें से तीन भाजपा और कांग्रेस के दो उम्मीदवार है। समाचार एजेंसी आइएएनएस के अनुसार किसी भी उम्मीदवार को राज्यसभा चुनाव जीतने के लिए कम से कम 35 वोटों की आवश्यकता होगी। सूत्रों के अनुसार, भाजपा के दो उम्मीदवारों अजय भारद्वाज और रामिलाबेन बारा और कांग्रेस के शक्तिसिंह गोहिल के लिए पहली वरीयता का मतदान समाप्त हो गया है। चौथी और अंतिम सीट के लिए, दूसरी वरीयता का मतदान भाजपा के नरहरि अमीन और कांग्रेस के भरतसिंह सोलंकी के लिए होगा।
हाल ही में विदेश से लौटे कांग्रेस विधायक वाजिब अली राज्यसभा चुनाव के लिए वोट डालने पहुंचे। भाजपा ने इस पर आपत्ति जताई। पार्टी ने आरोप लगाया कि उन्होंने क्वारंटाइन मानदंडों का उल्लंघन किया। समाचाप एजेंसी पीटीआइ के अनुसार नगर विधायक ने वोट डालने से पहले पीपीइ सूट पहना। आली उन छह विधायकों में से हैं, जिन्होंने बीएसपी के टिकट पर 2018 का विधानसभा चुनाव जीता और बाद में कांग्रेस में शामिल हो गए।
LIVE Rajya Sabha Election 2020:
– मध्य प्रदेश में तीन सीटों पर चार प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। ऐसे में राज्य में कांग्रेस और भाजपा के बीच कड़ा मुकाबला है। यहां समाजवादी पार्टी (SP) और बहुजन समाजवादी पार्टी (BSP) के विधायकों ने कांग्रेस को बड़ा झटका दिया है। दैनिक जागरण के सहयोगी प्रकाशन नईदुनिया के अनुसार दोनों पार्टियों के विधायकों ने भाजपा को वोट दिया है। बसपा के विधायक संजीव कुशवाहा ने वोट देने के बाद कहा कि वे क्षेत्र के विकास के लिए शिवराज सिंह के सरकार के साथ हैं। पार्टी के एक अन्य विधायक संजीव कुशवाहा ने कहा कि सदन के भीतर सरकार को समर्थन कर रहे हैं, लेकिन उपचुनाव सभी 24 सीटों पर लड़ेंगे। इसके अलावा सपा विधायक राजेश शुक्ला ने भी भाजपा को समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रत्याशी सुमेर सिंह सोलंकी को वोट दिया है। गौरतलब है कि राज्य में बसपा के दो और सपा के एक विधायक हैं। भाजपा के पास 107, कांग्रेस के पास 92 और चार निर्दलीय विधायक हैं। राज्य की विधानसभा में कुल 204 सीटें हैं। इनमें से 24 खाली हैं।
– विपक्षी टीडीपी के दो विधायकों को छोड़कर आंध्र प्रदेश विधानसभा के अन्य सभी 173 विधायकों ने शुक्रवार को राज्यसभा के चार सदस्यों का चुनाव करने के लिए अपना वोट डाला। समाचार एजेंसी पीटीआइ के अनुसार तेलुगु देशम पार्टी के विधायक के अत्चन्नायडू ने अपना वोट नहीं डाला क्योंकि ईएसआई घोटाले में पिछले सप्ताह उनकी गिरफ्तारी के बाद न्यायिक रिमांड के तहत अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। टीडीपी के एक अन्य सदस्य अनागनी सत्य प्रसाद होम क्वारंटाइन का हवाला देते हुए नहीं आए, जबकि पार्टी के तीन बागी विधायकों ने मतदान प्रक्रिया में मताधिकार का प्रयोग किया, जो शाम 4 बजे समाप्त हुआ।
– अमरावती: टीडीपी नेता और आंध्र प्रदेश के पूर्व सीएम एन चंद्रबाबू नायडू ने राज्यसभा चुनाव के लिए अपना वोट डाला। राज्य में चार राज्यसभा सीटों के लिए मतदान जारी है।
– गुजरात में चार सीटों के लिए हो रहे चुनाव में पांच उम्मीदवार मैदान में हैं। भाजपा ने तीन और कांग्रेस ने दो सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं। इसी बीच माना जा रहा है कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के विधायक कांधल जाडेजा ने आखिर अपनी मनमानी करते हुए राज्यसभा चुनाव में भाजपा के समर्थन में मत डाल दिया। गांधीनगर विधानसभा में मतदान के बाद वे गुजरात के खाद्य राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह जाडेजा के साथ कार में सवार निकले। इसलिए भी कांधल की इस बात पर विश्वास करना मुश्किल है कि एनसीपी के व्हीप के मुताबिक ही उन्होंने मतदान किया है। ऐसे में कांग्रेस के दूसरे उम्मीदवार की जीत काफी मुश्किल लग रही है।
– कांग्रेस का एक कोरोना पॉजिटिव विधायक राज्यसभा चुनाव में मतदान करने के लिए पीपीइ किट पहनकर विधानसभा पहुंचा। विधायक के मतदान करने के बाद विधानसभा परिसर को सेनेटाइज किया गया।
— ANI (@ANI) June 19, 2020
– भाजपा ने गुजरात में चार राज्यसभा सीटों पर जारी मतदान के दौरान पूर्व सांसद भरतसिंह परमार को भारतीय ट्राइबल पार्टी (BTP) के प्रमुख और विधायक छोटूभाई वसावा के पास भेजकर अपनी रणनीति का आखिरी पत्ता चला। दोनों नेताओं की मुलाकात के बाद माना जा रहा है कि बीटीपी खुलकर भाजपा के समर्थन में आ सकती है। परमार ने भी इस मुलाकात के बाद बीटीपी का समर्थन भाजपा के पक्ष में होने का दावा किया है।
– मणिपुर में एक राज्यसभा सीट पर मतदान जारी है। मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह अपना वोट डालने के लिए राज्य विधानसभा पहुंचे। राज्य में नौ विधायकों के इस्तीफे के बाद भाजपा की गठबंधन सरकार अल्पमत में आ गई है। ऐसे में यहां चुनाव रोचक हो गया है।
— ANI (@ANI) June 19, 2020
– बता दें कि आंध्रप्रदेश और गुजरात में चार-चार सीटों , मध्य प्रदेश और राजस्थान में तीन-तीन सीटों, झारखंड में दो सीटों पर और इसके अलावा मणिपुर, मिजोरम और मेघालय से एक-एक सीटों पर चुनाव जारी हैं। मतदान शाम चार बजे तक होगा। शाम 5 बजे से वोटों की गिनती होगी। चुनाव आयोग ने कोरोना वायरस (COVID-19) के कारण 18 सीटों पर चुनाव स्थगित कर दिया था। पहले चुनाव 26 मार्च को होना था। आयोग ने बाद में कर्नाटक की चार सीटों, मिजोरम और अरुणाचल प्रदेश में एक-एक सीट पर चुनाव की घोषणा की।
– आंध्र प्रदेश में चार राज्यसभा सीटों के लिए मतदान जारी है। मुख्यमंत्री वाईएस जगनमोहन रेड्डी ने अमरावती स्थित राज्य विधानसभापहुंचकर अपना वोट डाला। यहां सत्तारूढ़ वाइएसआर कांग्रेस के चारों सीटों पर जीत हासिल करने के आसार हैं।






