लखनऊ में प्रापर्टी डीलर की दिनदहाड़े गोली मारकर कर हत्या, किरायेदार ने बताया पूरा घटनाक्रम

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक बार फिर बेखौफ बदमाशों का आतंक दिखाई दिया है। पीजीआइ थानाक्षेत्र में बुधवार को प्रॉपर्टी डीलर दुर्गेश की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि दो स्कॉर्पियों कार से महिला समेत लगभग आधा दर्जन लोग प्रॉपर्टी डीलर से मिलने पहुंचे। इस दौरान रुपयों के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ। सभी ने दुर्गेश को पीटना शुरू कर दिया। इसी बीच उसे गोली मार दी। उन्हें गंभीर हालात में ट्रामा सेंटर ले जाया गया। जहां उनकी मौत हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में लगी है। पुलिस घटना के पीछे प्रापर्टी विवाद बता रही है।
ये है पूरा मामला
मामला पीजीआइ थाना क्षेत्र में वृंदावन कालोनी सेक्टर-14 का है। यहां नहर किनारे गृह विभाग में तैनात अजय कुमार सिंह के घर पर पांच-छह लोग किराए पर रहते हैं। मूलरूप से गोरखपुर निवासी पेशे से प्रॉपर्टी डीलर दुर्गेश यादव भी साथ में किराए पर ही रहते थे। किराएदार सोबेंद्र के मुताबिक, सुबह लगभग 8:30 बजे दो स्कॉर्पियों कार से महिला समेत पांच-छह लोग दुर्गेश को खोजते हुए आए। पहले उसके कमरे में किसी बात पर विवाद हुआ। उसके बाद सब लोग बाहर आ गए। इसी दौरान कहासुनी के बाद एक ने दुर्गेश के पेट में गोली मार दी। एसीपी कैंट बीनू सिंह के मुताबिक, दुर्गेश मूल रूप से गोरखपुर का रहने वाला है। लेनदेन के विवाद में गोली मारे जाने की बात सामने आई है। संदिग्ध लोगों की पहचान के लिए आसपास के सीसी कैमरे खंगाले जा रहे है।






