तमिलनाडु: पिछले 5 घंटों से लगातार हो रही बारिश, सड़के बनी समंदर बोर्ड की नाव बनाकर चले लोग

चेन्नई। तमिलनाडु में शुक्रवार को मदुरई के कई स्थानों पर 5 घंटे की लगातार भारी बारिश के कारण भारी जलभराव हो गया है। हालात ऐसे हो गए हैं कि सड़कों पर लोग फट्टों को नाव की तरह से इस्तेमाल करके सड़क पार कर रहे हैं। पश्चिम अवनि मूल वीथी गली के दृश्य सामने आए हैं जहां सिविल निर्माण कार्य चल रहा है। लगातार बारिश के बाद भरे पानी से यहां के हालात बिगड़ते जा रहे हैं।
इससे पहले शुक्रवार को मौसम विभाग ने पूर्वानुमान में कहा था कि रविवार और सोमवार को ओडिशा से लेकर आंध्र प्रदेश के तट और कर्नाटक तेलंगाना में भारी बारिश देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग ने जानकारी देते हुए कहा था कि उत्तरी अंडमान सागर में ऊपर बने कम दबाव का क्षेत्र और मजबूत हो रहा है। इतना ही नहीं ये पूर्वी तट की तरफ बढ़ रहा है।
इसमें कहा गया है कि कम दबाव का क्षेत्र चक्रवाती बनने का पहला चरण है। हालांकि, इसका ये मतलब बिल्कुल नहीं है कि हर कम दबाव का क्षेत्र चक्रवात में ही तब्दील हो। हालांकि, अक्टूबर के महीने में ही बंगाल की खाड़ी में चक्रवात बनते हैं और पूर्वी तट से जाकर टकराते हैं। वहीं, कम दबाव वाले क्षेत्र के प्रभाव और चक्रवाती हवा की वजह से अधिकतर इलाकों और अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह के कुछ हिस्सों में शुक्रवार और शनिवार को मध्यम से भारी बारिश होने की उम्मीद है। साथ ही मौसम विभाग ने कहा कि इस जौरान समुद्र अशांत रह सकता है। इसी के साथ मछुआरों को 9 से 10 अक्टूबर को अंडमान सागर और पूर्वी मध्य बंगाल की खाड़ी में नहीं जाने की सलाह दी गई थी





