पहली बार मध्यप्रदेश में MBBS की पढ़ाई हिन्दी में होगी। MBBS पाठ्यक्रम की 3 किताबें तैयार हैं। आज भोपाल में इनका विमोचन किया जाएगा। 15 नवंबर से नए बैच को इन्हीं किताबों से पढ़ाया जाएगा।देश के इतिहास में MBBS की पढ़ाई में एक नया अध्याय मध्यप्रदेश से जुड़ने जा रहा है। अब यहां डॉक्टरी की पढ़ाई हिन्दी में हो सकेगी।
केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज MBBS के पाठ्यक्रम की हिन्दी की किताबों का विमोचन करेंगे। शाह एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर से दोपहर 12 बजे कार्यक्रम स्थल लाल परेड ग्राउंड पहुंचेंगे। इस मौके पर सीएम शिवराज सिंह चौहान, चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग भी मौजूद रहेंगे। इसके बाद शाह दोपहर 2 बजे ग्वालियर के लिए रवाना होंगे।