दो सफाई ठेकेदारों पर जुर्माना, छह को नोटिस

बिलासपुर। महापौर ने सफाई कार्य के निरीक्षण में कम मजदूर मिलने पर दो ठेकेदारों पर जुर्माना किया है। उन्होंने पाया कि 25 प्रतिशत कम मजदूर रख कर काम कराया जा रहा था। इसके लिए दो ठेकेदारों पर जुर्माना लगाया गया है। इसके अलावा छह ठेकेदारों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। महापौर रामशरण यादव ने शनिवार को शहर के विभिन्न वार्डों में जाकर सफाई का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पाया कि ठेका कंपनी ज्योति ट्रेडर्स के संचालक अजय ताम्रकार द्बारा कम मजदूरों को रख कर काम कराया जा रहा था। 66 कर्मचारियों में से 15 कर्मचारी निरीक्षण के दौरान नहीं मिले।
केजीएन कंपनी को 70 कर्मचारी रखने थे, लेकिन 25 कर्मचारी कम मिले। ऐसे में मेयर यादव और सफाई विभाग के चेयरमैन राजेश शुक्ला ने इन दोनों ठेकेदारों को 5000-5000 रुपये का जुर्माना लगाया है। इसके अलावा निरीक्षण के दौरान मेयर ने ठेकेदारों के अंदर में काम करने वाले को पीएफ और जीएफ नहीं काटने की लगातार शिकायत मिल रही है। महापौर के निर्देश पर नाली सफाई के छह ठेकेदारों को नोटिस जारी कर इसकी वजह पूछी गई है। उनसे जवाब मांगा गया है कि किन-किन कर्मचारियों को कब कब पीएफ जीएफ काटा गया है। ठेकेदार संदीप राय, अजय ताम्रकार, पंकज तिवारी, नीरज सिंह ठाकुर, सतीश सिंह और केजीएन को नोटिस जारी कर जानकारी मांगी हैं।
लगातार मिल रही शिकायत
महापौर रामशरण यादव ने बताया कि सफाई निरीक्षण के दौरान लगातार सफाई कर्मचारियों की शिकायत मिल रही है कि ठेकेदार पीएफ का पैसा प्रतिमाह जमा नहीं कर रहे हैं। ऐसे में ठेकेदारों से जानकारी मांगी गई है। ऐसे ही निरीक्षण में तय सीमा से कम कर्मचारी मिल रहे हैं। ऐसे में जुर्माना लगाने के साथ ही कार्रवाई की जा रही है।






