भारत व इंग्लैंड के बीच होने वाली टेस्ट सीरीज में कौन है जीत का दावेदार, शोएब अख्तर का खुलासा

नई दिल्ली। पाकिस्तान क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज शोएब अख्तर भारत व इंग्लैंड के बीच खेले जाने वाले पांच मैचों की टेस्ट सीरीज पर खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि, इस सीरीज में किस टीम को जीत मिलेगी। अख्तर ने कहा कि, भारतीय टीम को जो छुट्टी मिली थी उसका उन्होंने सही इस्तेमाल नहीं किया इसके बावजूद इस टीम की जीतने की संभावना है।
शोएब अख्तर ने स्पोर्ट्स तक से बात करते हुए कहा कि, टीम इंडिया के खिलाड़ियों को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिफ के फाइनल के बाद जो ब्रेक मिला था उसका सही इस्तेमाल करना चाहिए था। अगर मैं उनकी जगह होता तो खिलाड़ियों को काउंटी मैच में खेलने के लिए भेजता और मैं बिना पैसों के काउंटी मैच में हिस्सा लेता। उन्होंने कहा कि, मैं अपने प्रमुख खिलाड़ियों को एक-एक या दो-दो मैच में खेलने के लिए भेजता। गेंदबाजों को दो मैच जबकि बल्लेबाजों को तीन मैच में खेलने का मौका देता। इसके अलावा मैं ठंडी जगह पर अभ्यास मैच रखवाता जहां पर गेंद हवा में धूमती। इससे टेस्ट सीरीज के पहले खिलाड़ियों की तैयारी अच्छी हो जाती है। वैसे भी दो से ढाई हफ्ते के बाद खिलाड़ियों का बल्ला चलना बंद हो जाता है और ये सामान्य बात है।
भारतीय टीम की जीत का दावा करते हुए अख्तर ने कहा कि, इंग्लैंड के खिलाफ जिन पांच जगहों पर टेस्ट मैच खेले जाने हैं वहां पर भारत जीत दर्ज कर सकता है। ओवल, लीड्स और मैनचेस्टर की विकेट काफी अच्छी है और यहां पर अगर भारत को हार मिलती है तो उसकी अपनी गलती की वजह से मिलेगी। इसके अलावा उन्होंने कहा कि, इस दौरे पर भारतीय गेंदबाजों के सामने फिटनेस की समस्या खड़ी हो सकती है क्योंकि ओवल, लीड्स और मैनचेस्टर पर गेंदबाजों को काफी जोर लगाना होता है। इन सबके बावजूद टीम इंडिया मेजबान टीम इंग्लैंड को उनकी धरती पर हरा सकता है और इसके लिए पूरी तरह से सक्षम है।





