कुछ देर में Investor Summit को संबोधित करेंगे पीएम मोदी, रखेंगे मन की बात, देंगे निवेश बढ़ाने का मंत्र

नई दिल्ली। पीएम मोदी आज गुजरात में निवेशकों को संबोधित करने वाले हैं। इस दौरान उनका जोर न सिर्फ अधिक से अधिक निवेश के लिए निवेशकों को प्रभावित करने पर रहेगा बल्कि वो ये भी बताएंगे कि सरकार ने उनके लिए किस तरह की नई नीतियां बनाई हैं या आगे बनाएगी। वो ये भी बताएंगे कि निवेशकों को आने वाली परेशानियों को खत्म करने के लिए सरकार ने अब तक क्या कदम उठाए हैं और इसमें उन्हें कहां तक सफलता मिली है।
पीएम मोदी इस सम्मेलन को वर्चुअली संबोधित करेंगे। ये सम्मेलन सुबह 11 बजे शुरू होगा। पीएमओ से जारी रिलीज में बताया गया है कि इस सम्मेलन को राज्य सरकार के साथ मिलकर सड़क और परिवहन मंत्रालय संयुक्त रूप से आयोजित कर रहा है। इस सम्मेलन में गुजरात के मुख्यमंत्री भी हिस्सा लेंगे। इसके अलावा इसमें केंद्रीय सड़क और परिवहन मंत्री के भी हिस्सा लेने की उम्मीद है। सम्मेलन मूलत: गुजरात में अधिक निवेश को लेकर है। राज्य सरकार इसके जरिए निवेशकों को व्हीकल स्क्रेपिंग के लिए ढांचागत निर्माण का अवसर देना चाहती है और सरकार की स्क्रैप नीति के प्रति उन्हें प्रभावित करना चाहती है
गौरतलब है कि केंद्र सरकार की तरफ से ये स्क्रैप नीति इसी वर्ष लागू की गई थी। इस नीति को लागू करने के पीछे मकसद पर्यावरण को साफ बनाना और पुरानी गाडि़यों को चलाते रहने की आदत के प्रति लोगों को हतोत्साहित करना था। सरकार ने इस नीति के तहत नई गाडि़यों की खरीद पर भी आकर्षक आफर देने का प्रावधान किया है। गुजरात ने सरकार की इस नीति को आगे बढ़ाने के लिए अपने यहां पर वोलेंटिरी व्हीकल फ्लीट माडर्नाइजेशन प्रोग्राम की भी शुरुआत की है। इस सम्मेलन में गुजरात में शिप ब्रेकिंग इंडस्ट्री को भी आगे बढ़ाने पर बात होगी। आपको बता दें कि गुजरात का अलंग दुनिया का सबसे बड़ा शिप ब्रेकिंग हब है।





