खेलते-खेलते में चूहा मार दवा खा लिया मासूम बालक, मौत

बिलासपुर। तीज पर्व में अपनी मां के साथ रायपुर से सरकंडा के डबरीपारा आए तीन वर्षीय मासूम बालक ने खेलते-खेलते चूहा मार दवा को खा लिया। इससे उसकी तबीयत बिगड़ गई और सिम्स में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार घटना सरकंडा थाना क्षेत्र के डबरीपारा की है। रायपुर के गुढ़ियारी निवासी भूपेन्द्र चौहान अपनी पत्नी बच्चों को लेकर तीज पर्व मनाने के लिए अपने बड़े भाईसोनू सिंह चौहान के घर सरकंडा के डबरीपारा आए थे। इस बीच वह अपनी पत्नी व बच्चों को छोड़कर रायपुर चले गए थे।
यहां पत्नी-बच्चे गणेशोत्सव मनाने के लिए रूक गए थे। सोनू सिंह चौहान अपने घर में गणेश प्रतिमा स्थापित किए थे। गणेश प्रतिमा विसर्जित करने के बाद भूपेंद्र चौहान की पत्नी व बच्चे भी रायपुर लोटने की तैयारी में थे। घटना 18 सितंबर की शाम की है।
स्वजन अपने काम में व्यस्त थे। वहीं बच्चे घर में खेल रहे थे। तभी खेलते-खेलते भूपेंद्र के तीन वर्षीय बेटे लक्ष्य चौहान के हाथ में चूहा मार दवा की पुड़िया आ गया। इस बीच बालक पुड़िया में रखे चूहा मार दवा को खा लिया। इस बीच स्वजनों को इसकी भनक तक नहीं लगी और लक्ष्य खेल ही रहा था। कुछ देर बाद अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और वह उल्टी करने लगा।
तब स्वजन हरकत में आए। इस बीच आनन-फानन में उसे इलाज के लिए सिम्स ले जाया गया। सिम्स ले जाने के बाद पता चला कि चूहा मार दवा खाने से उसकी तबीयत बिगड़ी है। सिम्स में उसे इलाज के लिए भर्ती किया गया। रविवार की सुबह उपचार के दौरान बालक की मौत हो गई। इस घटना की सूचना पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।






