पिकअप का शीशा तोड़कर सामान किया पार

बिलासपुर। घर के बाहर खड़ी पिकअप का शीशा तोड़कर चोरों ने वाहन में भरे जूता-चप्पल, पर्स, बैग और अन्य सामान पार कर दिया। सुबह वाहन मालिक को इसकी जानकारी हुई। इस पर उन्होंने चकरभाठा थाने में चोरी की शिकायत की है। मामले में पुलिस जुर्म दर्ज कर जांच कर रही है। चकरभाठा के विकास नगर में रहने वाले रमेश कुमार सोनवानी अपने पिकअप में लेकर जूता-चप्पल, बैग, टोपी पर्स आदी सामान बेचते हैं।
वाहन से वे आसपास के गांव में फेरी लगाते हैं। शनिवार की शाम वे आसपास के गांव में सामान बेचकर लौटे। इसके बाद पिकअप को लाक कर घर के सामने खड़ी कर दिया। सुबह चार बजे उनकी बहन पुनिया बाई सत्संग में जाने के लिए जागी। वह घर को बाहर से बंदकर सत्संग के लिए चली गई। पुनिया छह बजे वापस लौटी तो पिकअप का शीशा टूटा हुआ था। वहीं, वाहन में रखे हुए कुछ सामान बाहर गिरे हुए थे।
युवती ने अपने भाई को जगाकर इसकी जानकारी दी। इस पर रमेश ने बाहर निकलकर अपने वाहन को देखा। वाहन का शीशा टूटा हुआ था। दरवाजे को तोड़कर चोरों ने जूता, चप्पल, सैंडल, बैग, पर्स, चश्मा, घड़ी, बेल्ट, लाईट और बैटरी पार कर दिया था। पीड़ित ने आसपास में पूछताछ के बाद सोमवार को इसकी शिकायत चकरभाठा थाने में की है। इस पर पुलिस जुर्म दर्ज कर चोरी के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
बहन को भी नहीं दिखे चोर
पुलिस ने पीड़ित की बहन पुनिया से भी पूछताछ की है। पूछताछ में युवती ने बताया कि जब वह सत्संग के लिए जा रही थी तो पिकअप सही सलामत था। आसपास कोई भी नहीं था। वहीं, दरवाजे भी ठीक से ही बंद थे। वापस लौटने पर पिकअप का शीशा टूटा देखकर उसने अपने भाई को इसकी जानकारी दी।






