झारखंड और उप्र की तुलना में छत्तीसगढ़ में अब भी पेट्रोल-डीजल महंगा

रायपुर। पड़ोसी राज्यों की तुलना में पेट्रोल-डीजल के दाम करने के दावे के साथ सोमवार को प्रदेश सरकार ने इन पेट्रोलियम उत्पादों पर वैट कम करने का फैसला किया है। सरकार के इस निर्णय से मंगलवार से राज्य में पेट्रोल 101.11 रुपये और डीजल 92.33 रुपये प्रति लीटर हो जाएगा। यह रेट पड़ोसी राज्यों झारखंड और उत्तर प्रदेश की तुलना में अब भी अधिक है।
वहीं डीजल की कीमत लगभग सभी पड़ोसी राज्यों की तुलना में अधिक है। पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमत से राहत देने के लिए केंद्र सरकार ने इसी महीने एक्साइज ड्यूटी कम करने का फैसला किया था। इसके साथ ही कई राज्य सरकारों ने अपनी तरफ से वैट कम करके लोगों को और ज्यादा राहत देने की कोशिश की। पेट्रोल डीजल रेट
इसके बाद प्रदेश में भी पेट्रोल-डीजल पर वैट कम करने की लगातार मांग होने लगी। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जीएसटी विभाग को पड़ोसी राज्यों में पेट्रोल-डीजल पर वैट की दर का अध्ययन करके रिपोर्ट देने के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री ने कहा था कि पड़ोसी राज्यों की तुलना में यहां पेट्रोल-डीजल के दाम कम रखे जाएंगे। सोमवार को कैबिनेट की बैठक में लिए गए फैसलों की मीडिया को जानकारी देने पहुंचे वन मंत्री मोहम्मद अकबर से इसे लेकर सवाल हुआ तो उन्होंने दावा किया कि पड़ोसी राज्यों की तुलना में यहां कीमत कम ही है।
प्रदेश में सोमवार को पेट्रोल की कीमत 101.88 रुपये रहा। वैट में दो फीसद की कमी के बाद यह दर 101.11 रुपये हो जाएगी। वहीं पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सोमवार को पेट्रोल की कीमत 106.87 रुपये प्रति लीटर रही। ओडिशा के भुवनेश्वर और पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र के राज्य के सबसे निकटतम शहर नागपुर में पेट्रोल की कीमत 109.71 रही, जो प्रदेश की तुलना में अधिक है।
डीजल केवल नागपुर में 20 पैसे महंगा
प्रदेश के सभी पड़ोसी राज्यों में यहां की तुलना में डीजल का दम कम है। सोमवार को प्रदेश में डीजल 93.78 रुपये प्रति लीटर में बिका। वैट में दो फीसद की कमी के बाद मंगलवार से इसकी कीमत 92.33 रुपये रहने की उम्मीद है। इसकी तुलना में एकमात्र भुवनेश्वर में 20 पैसे ज्यादा कीमत है।
प्रमुख शहरों में पेट्रोल-डीजल की कीमत
शहर पेट्रोल डीजल
रायपुर 101.11 92.33
रांची 98.93 91.97
भोपाल 106.87 90.53
भुवनेश्वर 102.34 92.14
नागपुर 109.71 92.53
लखनऊ 95.28 86.80






