गृह मंत्रालय ने बुलाई आपात बैठक, अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को फिर से शुरू करने की होगी समीक्षा

दुनियाभर के लिए चिंता का कारण बन गए कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन को लेकर केंद्रीय गृह सचिव की अध्यक्षता में आपात बैठक की। इस दौरान ओमिक्रॉन वैरिएंट से बचने के लिए सुरक्षा मानकों को बढ़ाने पर चर्चा की गई। बैठक के बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय व्यावसायिक उड़ानों को फिर से शुरू करने की तारीख की समीक्षा की जाएगी।
मंत्रालय ने बताया कि सरकार अंतरराष्ट्रीय यात्रियों, विशेष रूप से ‘जोखिम’ श्रेणी के रूप में पहचाने गए देशों से आने वालों की जांच, निगरानी पर एसओपी की समीक्षा करेगी। कोविड-19 के स्वरूप के लिए जीनोम निगरानी को और मजबूत और तेज किया जाएगा। मंत्रालय ने कहा कि वैश्विक परिदृश्य को देखते हुए निर्धारित वाणिज्यिक अंतरराष्ट्रीय यात्री सेवाओं को फिर से शुरू करने की प्रभावी तिथि पर निर्णय की समीक्षा की जाएगी। देश के भीतर महामारी की उभरती स्थिति पर कड़ी नजर रखी जाएगी।





