देश
रायपुर में दूसरे की जमीन को अपना बताकर 21 लाख रुपये की ठगी का आरोपित गिरफ्तार

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पंडरी थाना पुलिस ने दूसरे की भूमि का फर्जी विक्रय इकरारनामा बनाकर लाखों रुपये की जमीन बेचने वाले आरोपित को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने 21 लाख रुपये ठगी करने वाले आरोपित शशिकांत सुखदेवे को गिरफ्तार किया है।
फरियादी विजय कुमार साहू ने थाना पंडरी में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। उन्होंने बताया कि उसने परिचय शशिकांत सुखदेवे से साइंस सेंटर के पास दलदल सिवनी में जमीन ली थी। भूमि का स्वामी रंजीत सिंह है। शशिकांत सुखदेवे द्वारा उक्त जमीन को विक्रय कर स्वयं के नाम पर इकरारनामा करना बताकर किसी अन्य व्यक्ति को उक्त भूमि को विक्रय करना एवं स्वतंत्र होना बताते हुए जमीन का विजय कुमार साहू से 21 लाख रुपये ले लिया।
फरियादी द्वारा भूमि का पंजीयन कराने कहने पर शशिकांत सुखदेवे टाल मटोल करने लगा, जिस पर प्रार्थी ने मूल भूमि स्वामी रंजीत सिंह से संपर्क किया, तब पता चला कि रंजीत सिंह ने शशिकांत सुखदेवे से कोई विक्रय इकरारनामा निष्पादित नहीं किया है। शशिकांत सुखदेवे द्वारा दूसरे की भूमि का फर्जी तरीके से विक्रय इकरारनामा निष्पादित कर प्रार्थी को भूमि विक्रय करने का सौदा कर फरियादी से लाखों की ठगी की, जिस पर आरोपित शशिकांत सुखदेवे के विरुद्ध थाना पंडरी में धारा 420 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
नाबालिग से छेड़छाड़ का आरोपित गिरफ्तार
तेलीबांधा थाना पुलिस ने नाबालिग से छेड़छाड़ के मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी सोनल ग्वाला ने बताया कि आरोपित युवक ने नाबालिग को बहला फुसलाकर गार्डन में बुलाया और जबरन उसका हाथ पकड़कर छेड़छाड़ करने लगा। घटना के बाद नाबालिग ने थाना आकर रिपोर्ट दर्ज करवाई। तेलीबांधा पुलिस ने आरोपित करण तिवारी के खिलाफ अपहरण और पाक्सो एक्ट के तहत अपराध कायम कर उसे गिरफ्तार किया है।






