गुरुग्राम में 50 सोसाइटियों का कब्जा प्रमाणपत्र रद्द करने की तैयारी

हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) सेक्टरों की जमीन का लीज किराया नहीं देने वाली ग्रुप हाउसिंग सोसाइटी पर कार्रवाई करने की तैयारी कर रहा है। नए शहर के सात सेक्टर की 50 से अधिक सोसाइटी पर तीन सौ करोड़ रुपये से अधिक का किराया बकाया है।
बकाया राशि चुकाने के लिए फाइनल नोटिस भेजे गए हैं। इस माह भुगतान करने को कहा गया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार यदि इसके बाद भी बकाया राशि जमा नहीं करवाई जाती है तो इन ग्रुप हाउसिंग सोसाइटी को जारी किए गए कब्जा प्रमाणपत्र (ओसी) रद्द किए जाएंगे।
ये हैं एचएसवीपी के बड़े बकायेदार : एचएसवीपी के संपदा अधिकारी-2 जितेंद्र कुमार ने कहा कि सेक्टर-43, 47, 53, 54, 55, 56 और 57 में बड़ी संख्या में को-ऑपरेटिव ग्रुप हाउसिंग सोसाइटी बनीं हैं। इन पर तीन सौ करोड़ रुपये से अधिक के किराये की किश्त बकाया है। बड़े बकायेदारों में को-ऑपरेटिव ग्रुप हाउसिंग सोसाइटी नंबर तीन पर 15 करोड़, सोसाइटी नंबर चार पर 111.32 करोड़, सोसाइटी नंबर सात पर 12 करोड़, सोसाइटी नंबर आठ पर 20 करोड़, सोसाइटी नंबर 23 पर 25 करोड़ और एचबीएच सोसाइटी पर 57 करोड़ रुपये समेत अन्य सोसाइटी शामिल हैं। इन सभी को इस माह के अंदर जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं।
कार्रवाई के निर्देश
संपदा अधिकारी ने कहा कि शुक्रवार को नगर योजनाकार विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव देवेंद्र सिंह ने बैठक लेकर बकाया राशि की समीक्षा की थी। एचएसवीपी के सेक्टरों के आवंटियों पर करीब दो हजार करोड़ रुपये की रिकवरी बाकी है। इसकी वसूली को लेकर सख्त निर्देश दिए गए हैं कि बकायेदारों पर कार्रवाई करके वसूली में तेजी लाई जाए। अब बकायेदारों की सूची तैयार करके उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
प्लॉट आंवटन नियम में बदलाव किए
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के सेक्टरों में ग्रुप हाउसिंग सोसाइटियों को अब ई-नीलामी के माध्यम से ही प्लॉट आवंटित किया जा रहा है। पहले इन सोसाइटी को भूखंड ड्रॉ के जरिए आवंटित किए जा रहे थे। जमीन आवंटित होने के बाद सोसाइटी दस प्रतिशत राशि तत्काल जमा करा देती थी। बाकी 90 प्रतिशत राशि किस्त में देना था, लेकिन इन सोसाइटी ने किस्त की राशि जमा नहीं कराई।






