सीलमपुर हिंसा: दिल्ली-NCR में ये रास्ते आज बंद, मेट्रो पर भी रोक, जामिया पर भी HC में सुनवाई

नई दिल्लीः उत्तर पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर में मंगलवार को नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ प्रदर्शन के हिंसक रूप लेने के बाद स्थानीय लोगों और अमन कमेटी के सदस्यों की मदद से स्थिति कुछ घंटे में ही सामान्य हो गई।

हालांकि बुधवार को दिल्ली के कुछ मेट्रो स्टेशन को सुरक्षा के लिहाज से बंद किया गया है। वहीं दिल्ली के कुछ रास्ते भी बंद किए गए हैं। दिल्ली पुलिस ने ट्वीट के जरिए रोड मेप जारी किया है कि किन रास्तों को बंद किया गया है।
मथुरा रोड से नोएडा जाने वाले लोगों को आश्रम चौक, डीएनडी या नोएडा लिंक रोड से जाने की सलाह दी गई है। वहीं कालिंदी कुंज की ओर जाने वाला ओखला अंडरपास भी यातायात की आवाजाही के लिए बंद किया गया है। बता दें कि संशोधित नागरिकता कानून और जामिया मिल्लिया इस्लामिया में पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ मंगलवार को निकल रहे मार्च के दौरान सीलमपुर और जाफराबाद में दोपहर करीब 2 बजे पथराव शुरू हुआ और आगजनी हुई।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए स्थानीय लोगों, अमन कमेटी और मस्जिदों के इमामों की मदद ली गई। इलाके में दुकानें और बाजार बंद कराए गए तथा भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। स्थानीय सामाजिक कार्यकर्त्ता मोहम्मद अनीस ने बताया, ‘‘हमने अपना प्रदर्शन शांतिपूर्ण शुरू किया था, लेकिन इसमें कुछ बाहरी तत्व शामिल हो गए तथा पथराव करने लगे।
सीलमपुर और जाफराबाद में मस्जिदों से शांति की अपील कराई गई तथा लोगों से अपने-अपने घर लौट जाने को कहा गया। जाफराबाद स्थित मदरसा बाबुल उलूम के इमाम मौलाना मोहम्मद दाऊद ने मस्जिद के लाउड स्पीकर से लोगों से शांति की अपील की और उनसे अपने घर लौट जाने की गुजारिश की।





