दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले महिला सब इंस्पेक्टर की गोली मारकर हत्या

नई दिल्लीः राजधानी में चुनाव को लेकर किए गए चौकस इंतजाम के बीच बाइक सवार बदमाश ने शुक्रवार (7 फरवरी) रात रोहिणी ईस्ट मेट्रो स्टेशन के पास एक महिला सब इंस्पेक्टर की गोली मार कर हत्या कर दी। आरोपी हमलावर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। जिसके चलते हत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है। वहीं मौके पर घटनास्थल पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल आरोपी हमलावर की पहचान में जुट गई है।

पुलिस का कहना है कि सभी कोणों को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है। वारदात की जानकारी घरवालों को दे दी गई है। मरने वाली पुलिसकर्मी की प्रीति अहलावत की उम्र करीब 25 साल बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि उसकी तैनाती यमुनापार में स्थित किसी यूनिट में थी। 2018 बैच की प्रीति की हत्या क्यों हुई और हत्यारा कौन था? पुलिस अभी इस बारे में कोई जानकारी नहीं दे रही, लेकिन दिल्ली चुनाव से ठीक पहले की रात महिला पुलिस की हत्या ने दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल जरूर खड़े कर दिए।





