लॉकडाउन एडवाइजरी के बीच कोरोना संक्रमितों की संख्या 12 हजार के पार, अब तक 414 की मौत

कोरोना वायरस (covid-19) के खतरे के चलते पूरे देश में दूसरी बार लॉकडाउन लगाया है। वहीं लॉकडाउन पार्ट-2 के पहले ही दिन देशभर में इस जानलेवा वायरस के 1118 नए मामले दर्ज किए गए और अब तक 414 संक्रमितों की मौत हो गई है। देश में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 12380 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, कोरोना वायरस के कुल 12380 मामलों में से 10477 एक्टिव केस हैं। इसके अलावा, 1488 लोग पूरी तरह से ठीक हो गए हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के गुरुवार सुबह 8 बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक, कोरोना वायरस से सर्वाधिक 187 लोगों की मौत महाराष्ट्र में हुई। यहां अब इस महामारी से पीड़ितों की संख्या 3398 हो गई है। वहीं स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि देश में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या में बढ़ोत्तरी तो हो रही है लेकिन अभी तक हम कम्युनिटी की स्टेज में नहीं आया है और यह सब पहले से की गई तैयारी और पहले चरण के लाॅकडाउन तथा सामाजिक दूरी (सोशल डिस्टेंसिंग) का ही नतीजा है।
मंत्रालय के अनुसार देश के कुछ हिस्सों में कोरोना के काफी मरीज मिल रहे हैं और इनसे निपटने के लिए 170 जिलों को हॉटस्पॉट चिह्नित किया गया है और 270 जिले ऐसे हैं जो गैर हॉटस्पॉट श्रेणी में हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने कहा कि कोरोना वायरस से निपटने के लिए आने वाले दो-तीन सप्ताह बेहद नाजुक हैं। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लॉकडाउन की अवधि 21 दिनों और तीन मई तक बढ़ाए जाने के बाद गृह मंत्रालय ने बुधवार को दिशा-निर्देश जारी किए हैं जिनमें कहा गया है कि सभी सार्वजनिक परिवहन पर प्रतिबंध पहले की तरह जारी रहेंगे।
नए दिशा-निर्देशों में भी लॉकडाउन के दौरान देश भर में रेल, हवाई, मेट्रो और अन्य सार्वजनिक परिवहन के साधन बंद रहेंगे। सभी तरह के शिक्षण और कोचिंग संस्थान भी पहले की तरह बंद रहेंगे। औद्योगिक और व्यावसायिक इकाइयां भी बंद रहेंगी हालांकि जिन इकाइयों को पहले छूट हासिल थी, वह अभी भी जारी रहेगी तथा सार्वजनिक स्थानों पर थूकने पर आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया जाएगा।






