चीन में फिर कोरोना कहर, वुहान में पिछले 24 घंटे में 1290 लोगों की मौत

वुहानः कोरोना वायरस का केंद्र रहे वुहान ने शुक्रवार को कोरोना संक्रमितों और मौत के नए आंकड़े जारी किए हैं। चीन की समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने संक्रमितों के आंकड़े 325 बढ़कर 50,333 हो गए हैं और मरने वालों की संख्या 1290 बढ़कर 3869 हो गई है। बता दें कि जनवरी में वुहान शहर से शुरू हो कोरोना वायरस अब पूरी दुनिया में कोहराम मचा रहा है। कोरोना वायरस का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है और अब तक विश्व के अधिकतर देशों में इस महामारी से 21 लाख से अधिक लोग संक्रमित हो चुके हैं।
जॉन हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के विज्ञान एवं इंजीनियरिंग केन्द्र (सीएसएसई) की ओर से जारी किए गए ताजा आंकड़ों के मुताबिक दुनियाभर में कोरोना वायरस से कुल 2142179 लोग संक्रमित हुए हैं जबकि इससे मरने वालों की संख्या बढ़कर 144420 हो गई है। दुनियाभर में अब तक 541424 लोग इसके संक्रमण से पूरी तरह ठीक भी हुए हैं। वहीं कोरोना का अब अमेरिका पर ज्यादा असर पड़ रहा है। अमेरिका में कोरोना वायरस से दुनिया में सर्वाधिक लोग संक्रमित हुए हैं तथा वहां सबसे अधिक मौतें भी हुई हैं। विश्व की महाशक्ति माने-जाने वाले अमेरिका में यह महामारी विकराल रूप ले चुकी है। यहां पर अब तक 667801 लोग इससे संक्रमित हुए हैं जबकि 32917 लोगों की मौत हो चुकी है।
अमेरिका में इस बीमारी से अब तक 54703 लोग ठीक भी हुए हैं। अमेरिका के बाद सबसे गंभीर रूप से प्रभावित यूरोपीय देश इटली में इस महामारी के कारण अब तक 22170 लोगों की मौत हुई है और अब तक 168941 लोग इससे संक्रमित हुए हैं। वहीं चीन में अब तक 82367 लोग इससे संक्रमित हुए हैं और 4632 लोगों की मौत हुई है। इस वायरस को लेकर तैयार की गई एक रिपोर्ट के मुताबिक चीन में हुई मौत के 80 प्रतिशत मामले 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के थे।





