हिमाचल प्रदेश में फंसे जम्मू कश्मीर के लोगों का लखनपुर पहुंचना जारी

कठुआ : बाहरी राज्यों में फंसे जम्मू कश्मीर के लोगों को धीरे धीरे कर सरकार अपने प्रदेश में बुला रही है। गत दिनों से हिमाचल प्रदेश में फंसे जम्मू कश्मीर के लोग अपने प्रदेश में दाखिल हो रहे हैं। गत दिवस यहां 150 के करीब का आंकड़ा दाखिल होने वालों का था, रविवार को भी छोटे समूहों में लोग जम्मू प्रदेश में दाखिल हुए। यहां सोशल डिस्टैंसिंग के साथ इनके स्वास्थ्य की जांच करवाई गई जिसके बाद उन्हें संबधित गृह जिलों में भेजा गया। ए.एस.पी. रमनीश गुप्ता भी इस मौके पर मौजूद रहे।
आपको बता दें कि लाकडाउन के चलते आम आवाजाही पर पूरी तरह से रोक है। विभिन्न प्रदेश में जम्मू कश्मीर के लोग अपना क्वारंटाइन पूरा कर चुके हैं जिन्हें भी संबधित गृह जिलों की ओर रवाना किया जा रहा है। लाकडाउन के चलते हाइवे पर आम यातायात की मनाही है जबकि जरूरी सामान लेकर आने वाले मालवाहक वाहनों को अनुमति दी जा रही है लेकिन यहां भी ट्रक चालकों, सहचालकों की स्क्रीनिंग की जा रही है।





