ब्रेकिंग
सिवनी के जनता नगर में कबाड़ गोदाम में लगी भीषण आग, मची अफरातफरी मध्य प्रदेश के सागर में फिर गरमाया शराब से मौत का मामला, सरकारी दुकान की शराब पीने से एक की संदिग्ध ... पाकिस्तान कनेक्शन का हुआ पर्दाफाश, पूर्व पति के जरिए आतंकवादियों के जाल में फंसी मुख्य आरोपी महिला झारखंड के पश्चिम सिंहभूम में दिल दहला देने वाली वारदात, नाले से ढाई साल की मासूम बच्ची का शव बरामद ऋषिकेश के आश्रम के बाहर अमेरिकी नागरिक ने मचाया हंगामा, पुलिस ने तुरंत कार्रवाई कर अस्पताल पहुंचाया यमुना एक्सप्रेसवे पर कटे ई-चालान में बड़ी तकनीकी चूक, अटलांटिक महासागर बता दी गई गाड़ी की लोकेशन उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए निर्वाचन आयोग सख्त, अधिकारियों की तय होगी जि... उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में रिहायशी इलाके में घुसा तेंदुआ, पालतू कुत्ते को बनाया शिकार और बाथरूम मे... श्रीगंगानगर रेलवे ट्रैक ब्लास्ट मामले में बड़ा खुलासा, पंजाब से एक महिला समेत दो आरोपी गिरफ्तार लोक आस्था के महापर्व छठ की महिमा और इसके कड़े नियम
पंजाब

भाई रणधीर सिंह नगर में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पति गिरफ्तार

लुधियाना: महानगर के भाई रणधीर सिंह नगर इलाके में घरेलू कलह और नशे की लत से उपजे एक खौफनाक विवाद के चलते एक विवाहिता की संदिग्ध और दर्दनाक मौत का मामला सामने आया है। मृतका की शिनाख्त निर्मला रानी उर्फ अलका रानी के रूप में की गई है। मायके पक्ष की ओर से लगाए गए गंभीर आरोपों के मुताबिक, उसके पति रवि कांत और 22 वर्षीय नशेड़ी बेटे रोहित ने प्रताड़ित कर उसे जहरीला पदार्थ खिलाया है, जिससे उसकी जान चली गई। घटना से ठीक पहले आरोपियों ने महिला की वीडियो बनाकर उसके भाई को भेजी थी। थाना सराभा नगर की पुलिस ने मृतका के भाई के बयान पर पिता-पुत्र के खिलाफ हत्या व आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बेटा अभी फरार है।

25 साल पहले हुई थी शादी, बेटे की नशे की लत के कारण घर में रहता था कलह

फिरोजपुर के गांव पंडोरी के रहने वाले मृतका के भाई बलजीत कुमार और मौसेरे भाई संदीप शर्मा ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि निर्मला रानी की शादी करीब 25 वर्ष पूर्व भाई रणधीर सिंह नगर निवासी रवि कांत के साथ हुई थी। दंपति का 22 वर्षीय बेटा रोहित है, जो कथित तौर पर नशे की लत का शिकार है। आरोप है कि रोहित आए दिन नशे की अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए मां से पैसों की मांग करता था, जिसके चलते घर में आए दिन कलह और तनाव का माहौल बना रहता था।

पति ने खुद बनाई घायल पत्नी की वीडियो, मायके पक्ष के पहुंचने से पहले थम गईं सांसें

परिजनों के मुताबिक, विवाह के शुरुआती कुछ साल ठीक बीतने के बाद पति रवि कांत ने निर्मला को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। वह अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। इस मामले में नया मोड़ तब आया जब 13 नवंबर को आरोपी पति रवि कांत ने मृतका के भाई के मोबाइल पर एक वीडियो क्लिप भेजी, जिसमें निर्मला के हाथों पर चोट के गंभीर निशान साफ नजर आ रहे थे और खुद पति ही यह वीडियो बना रहा था। वीडियो के साथ संदेश दिया गया कि वे आकर अपनी बहन को ले जाएं। यह क्लिप देख मायके वाले तुरंत लुधियाना के लिए रवाना हुए, लेकिन जब तक वे मौके पर पहुंचे, अलका की सांसें थम चुकी थीं।

कृषि कार्यों के लिए लाई गई सल्फास की गोलियां बनीं काल, पति पर छिपाने का आरोप

पुलिस की शुरुआती छानबीन में यह बात सामने आई है कि मुख्य आरोपी रवि कांत पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी में चपरासी के पद पर कार्यरत है। कुछ समय पहले वह गेहूं में रखने और कृषि कार्यों के बहाने घर पर सल्फास की जहरीली गोलियां लेकर आया था। पारिवारिक विवाद के दौरान जब गुस्से में आकर निर्मला ने सल्फास खाने की चेतावनी दी, तो संवेदनहीन बने पति ने उसे रोकने के बजाय कथित तौर पर ऐसा करने के लिए उकसा दिया। तनाव में आकर महिला ने जहरीली गोलियां निगल लीं और अपनी बाजू की नस भी काट ली। आरोप है कि इसके बाद आरोपी पति उसे गंभीर हालत में डॉक्टर के पास ले गया, लेकिन वहां सल्फास खाने की बात पूरी तरह छिपा ली और केवल मामूली मरहम-पट्टी करवाकर वापस ले आया, जिससे समय पर इलाज न मिलने के कारण जहर पूरे शरीर में फैल गया और उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने मुख्य आरोपी पति को किया काबू, आज होगा शव का पोस्टमार्टम

इस सनसनीखेज घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी और थाना सराभा नगर के एसएचओ बलविंदर सिंह अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। एसएचओ बलविंदर सिंह ने जानकारी दी कि मृतका के भाई बलजीत कुमार की शिकायत के आधार पर आरोपी पति रवि कांत और पुत्र रोहित शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार चल रहे बेटे की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। शनिवार को सिविल अस्पताल में डॉक्टरों के बोर्ड द्वारा मृतका के शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पुख्ता खुलासा हो सकेगा।

Related Articles

Back to top button