शराब बेचने से मना करने पर पिता पर कुल्हाड़ी से हमला

बिलासपुर। घर से महुआ शराब बेचने से मना करने पर बेटे ने पिता पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। वहीं, बहू और पोते ने भी वृद्ध की पिटाई कर दी। घायल वृद्ध को उपचार के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया है। कोटा थाने में पदस्थ एसआइ अशोक द्विवेदी ने बताया कि घटना मंगलवार रात की है। खुरदुर निवासी गोफे लाल रात्रे(65) किसान हैं। गोफे का बेटा कैलाश अपने घर से महुआ श्ाराब बेचता है।
इसके कारण गांव के लोग देर रात तक उसके घर आते रहते हैं। मंगलवार की रात आठ बजे उसने अपने बेटे कैलाश को शराब बेचने से मना किया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो रहा था। विवाद के दौरान कैलाश ने घर में रखी कुल्हाड़ी से पिता गोफे के सिर में वार कर दिया। कैलाश की पत्नी संतोषी और पोता दुर्गेश भी उनसे मारपीट करने लगे।
हमले में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को उनकी पत्नी बृजबाई ने आसपास के लोगों की मदद से कोटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। साथ ही इसकी सूचना कोटा पुलिस को दी। इस पर पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायल का बयान लिया है। इसके आधार पर बेटे कैलाश, बहू संतोषी और पोते दुर्गेश के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। घायल की स्थिति देखते हुए डाक्टरों ने सिम्स रेफर कर दिया है।
मां को भी दी जान से मारने की धमकी
आरोपित कैलाश ने अपने पिता पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान उसकी मां बृजबाई ने बीच-बचाव की कोशिश की। इस पर युवक ने अपनी मां को भी जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद महिला ने आसपास के लोगों को बुलाकर अपने घायल पति को उपचार के लिए आस्पताल पहुंचाया।





