आज दोपहर 12 बजे महाराष्ट्र-हरियाणा विधानसभा चुनाव की तारीखों का हो सकता है ऐलान

महाराष्ट्र और हरियाणा में होने वाले विधानसभा चुनाव की तारीखों का आज ऐलान हो सकता है। चुनाव आयोग ने दोपहर 12 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है, जिसमें तारीखों का ऐलान होने की संभावना है। बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र, हरियाणा में दीवाली से पहले विधानसभा चुनाव हो सकते हैं।
महाराष्ट्र और हरियाणा के चुनावों की अधिसूचना पहले आ जाएगी जबकि झारखंड में चुनाव बाद में होंगे क्योंकि यहां कई चरणों में मतदान होने की संभावना है। हरियाणा और महाराष्ट्र में विधानसभा के चुनाव के लिए अंतिम दौर की समीक्षा जारी है और इसी के तहत चुनाव आयोग अर्धसैनिक बलों की तैनाती पर राज्य और केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधिकारियों के साथ कई दौर की बैठकें की हैं।
चुनाव टीम हरियाणा और महाराष्ट्र का दौरा कर चुकी है। बता दें कि साल 2014 में दोनों राज्यों में चुनाव की तारीखों का ऐलान 20 सितंबर को हुआ था और 15 अक्तबर को वोटिंग हुई थी। चुनाव के नतीजे 19 अक्तूबर को घोषित हुए थे, तब दिवाली 23 अक्तूबर को थी, वहीं 2014 में झारखंड में 25 नवंबर से 23 दिसंबर के बीच 5 चरणों में मतदान हुआ था।





