राहुल गांधी सहित कई बड़ी हस्तियों के साथ मंच पर मौजूद हेमंत सोरेन, कुछ ही देर में लेंगे शपथ

रांचीः झारखंड के मनोनीत मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का शपथ ग्रहण समारोह शुरू हो चुका है। हेमंत सोरेन अपने माता-पिता और पत्नी कल्पना के साथ मंच पर पहुंच चुके हैं। उन्होंने समारोह में शामिल लोगों का अभिवादन किया। उनके साथ झाविमो विधायक बाबूलाल मरांडी भी मौजूद हैं। वहीं शपथ ग्रहण करने से पहले हेमंत सोरेन ने पिता शिबू सोरेन के आवास पर पहुंचकर उनका आशीर्वाद लिया।
हेमंत सोरेन के साथ मंच पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी, राजद नेता तेजस्वी यादव, पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी, राकांपा के अध्यक्ष शरद पवार, तरुण गोगोई, अतुल अंजान, डी राजा, सीताराम येचुरी सहित कई नेता मौजूद हैं। रांची के मोरहाबादी मैदान में हेमंत सोरेन 11वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे। उनके साथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव, कांग्रेस के विधायक दल के नेता आलमगीर आलम और राजद के एकमात्र विधायक सत्यानंद भोक्ता मंत्री पद की शपथ लेंगे।
वहीं समारोह में देश के बड़े नेताओं, उद्योगपतियों और हस्तियों को आमंत्रित किया गया है। इसमें पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, राकांपा के अध्यक्ष शरद पवार, 6 मुख्यमंत्री और 5 पूर्व मुख्यमंत्रियों सहित 14 दल के 30 नेताओं ने समारोह में शामिल होने की सहमति दी है।
बता दें कि हेमंत सोरेन दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इससे पहले हेमंत ने जुलाई 2013 में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। जेएमएम-राजद-कांग्रेस के साथ मिलकर उन्होंने 1 साल 5 महीने 15 दिनों तक सरकार चलाई थी।






