अमेरिका के रक्षा मंत्री की दो-टूक, इराक से अमेरिकी बलों को हटाए जाने का कोई फैसला नहीं

वाशिंगटन। ईरान के जनरल कासिम सुलेमानी को एयर स्ट्राइक में मार गिराने के बाद मध्य पूर्व में तनाव बढ़ गया है। ईरान ने अमेरिका से बदला लेने की बात कही है तो वहीं डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी है कि यदि ईरान ने उसके ठिकानों पर हमला किया तो उसे तबाह कर देंगे। इस बीच इराक ने अमेरिकी सेना को अपनी धरती से बाहर जाने जाने की बात कही है वहीं अमेरिका ने साफ कर दिया है कि इराक से अमेरिकी बलों की वापसी का कोई फैसला नहीं हुआ है।
अमेरिकी रक्षा मंत्री मार्क एस्पर ने साफ किया कि अमेरिकी सेना अभी इराक नहीं छोड़ेगी। इराक से अमेरिकी सेनाओं की वापसी का कोई फैसला नहीं हुआ है, ना ही ऐसी कोई योजना है। दरअसल, सोमवार को यह रिपोर्ट फैली कि पेंटागन की ओर से इराक को लिखे गए एक पत्र में कहा गया है कि किसी दूसरे मिशन की तैयारियों के लिए अमेरिकी सेनाओं की घर वापसी होगी। लेकिन अब अमेरिकी रक्षा मंत्री के बयान से मामले में नया मोड़ आ गया है।






