बंगाल में भारत बंद का असर, हेलमेट पहनकर बस चलाने को मजबूर हुए ड्राइवर

सरकार की कथित राष्ट्र विरोधी और जन विरोधी आर्थिक नीतियों के खिलाफ वाम समर्थक केंद्रीय श्रमिक संगठनों ने आज भारत बंद का ऐलान किया है, जिस कारण आम लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। इसी बीच पश्मिच बंगाल से अलग ही तस्वीर सामने आई है यहां ड्राइवर हेलमेट पहनकर बस चलाते दिखाई दे रहे हैं।
बंगाल के सिलिगुड़ी में राज्य सरकार की बस के ड्राइवरों का कहना है कि अगर प्रदर्शनकारियों ने उन पर हमला किया तो वह हेलमेट के सहारे अपने आप को बचा सकते हैं। इसलिए उन्होंने हेलमेट पहनकर बस चलाने का फैसला लिया। वहीं बंगाल के बाद ओडिशा में भी भारत बंद का असर देखा गया। भुवनेश्नर में कांग्रेस समर्थित ट्रेड यूनियन के कार्यकर्ताओं ने सड़क को ब्लॉक किया, इसके अलावा ट्रेन को भी रोका गया।
सेंटर फॉर इंडियन ट्रेड यूनियंस (सीटू) का कहना है कि सरकारी कंपनियों और बैंकों का निजीकरण रोकने, न्यूनतम मजदूरी बढ़ाने, सार्वभौमिक सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा उदारीकरण तथा सुधार संबंधी आर्थिक नीतियों पर सरकार के साथ बातचीत विफल होने पर राष्ट्र व्यापी हड़ताल ‘ भारत बंद’ का आयोजन किया है। इन संगठनों में इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस, ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस, हिन्द मजदूर सभा, सेंटर फॉर इंडियन ट्रेड यूनियंस, ऑल इंडिया यूनाईटेड ट्रेड यूनियन सेंटर, ट्रेड यूनियन काडिर्नेशन सेंटर, सेल्फ इम्प्लॉयड वीमेंस एसोसियेशन, ऑल इंडिया सेंट्रल कौंसिल ऑफ ट्रेड यूनियंस, लेबर प्रोग्रेसिव फेडरेशन और यूनाईटेड ट्रेड यूनियन कांग्रेस से जुड़े श्रमिक संघ हिस्सा ले रहे हैं।





