इंदौर में महिला डाक्टर से चेन लूट, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
इंदौर। इंदौर में चोरों के हौंसले बुलंद हैं और वारदातें बढ़ती जा रही हैं। शहर के महालक्ष्मी नगर में बुधवार रात बाइक सवार बदमाशों ने महिला डाक्टर के गले से चेन लूट ली। हालांकि महिला डाक्टर ने बदमाशों का सामना किया और बदमाश आधी चेन ही ले जा सके।
लसूडिया थाना पुलिस के अनुसार, घटना महालक्ष्मी नगर में रात करीब नौ बजे की है। डेंटल डाक्टर पूजा गुप्ता पर बाइक सवार बदमाशों ने हमला किया। डाक्टर ने गले में सोने की चेन पहनी थी, बदमाश जिसे ले जाने का प्रयास कर रहे थे। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि महिला डाक्टर चल रही है और एक बाइक सवार उसे देखकर बाइक मोड़कर रूक जाते हैं।
पीछे बैठा बदमाश उतरता है और महिला डाक्टर के गले से चेन खींचने का प्रयास करता है। महिला डाक्टर बदमाश का हाथ पकड़कर उससे मुकाबला करती है। कुछ छीना-झपटी में बदमाश के हाथ आधी चेन आती ही वह बाइक पर बैठ जा जाता है और दोनों बदमाश निकल जाते हैं। लसूडिया थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।






