Corona से दुनिया में 1.70 लाख मौतें: फ्रांस में मृतकों का आंकड़ा 20,000 पार

वॉशिंगटनः कोरोना वायरस महामारी से दुनिया में अब तक 1 लाख 70 हजार 423 लोगों की जान जा चुकी है जबकि संक्रमितों की संख्या 24 लाख 81 हजार बताई जा रही है। इस बीच 6 लाख 46 हजार 675 ठीक हो चुके हैं। फ्रांस में सोमवार को कोरोना वायरस संक्रमण से 547 लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही फ्रांस ने घोषणा की कि देशभर में इस वायरस से 20,000 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। इसके बाद अमेरिका, इटली और स्पेन के बाद फ्रांस ऐसा चौथा देश बन गया है जहां पर 20 हजार से ज्यादा की मौत कोविड-19 के चलते हुई है। वहीं अमरिका में 24 घंटे में 1,939 लोगों की जान गई है और 28 हजार 123 मरीज मिले हैं। यहां अब तक 42,514 लोगों की मौत हो चुकी है।
फ्रांस में मौतों का आंकड़ा 20 हजार पार
फ्रांस में सोमवार को कोरोना वायरस संक्रमण से 547 लोगों की मौत हो गई। फ्रांस के एक शीर्ष स्वास्थ्य अधिकारी जेरोम सालोमोन ने यह भी कहा कि देश में अब तक कोविड-19 के 20,265 मरीजों की मौत हो चुकी है। हालांकि, जेरोम ने अस्पतालों और गहन चिकित्सा सेवाओं में आने वाले मरीजों की संख्या में आई कमी पर खुशी जाहिर की।
ये हैं सबसे ज्यादा कोरोना प्रभावित देश

न्यूयॉर्क में करीब 19 हजार मौतें
अमेरिका में सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य न्यूयॉर्क है, जहां अब तक 18 हजार 929 लोगों की जा जा चुकी है। न्यूयॉर्क स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को बताया कि न्यूयॉर्क स्टेट में अभी तक दो लाख 47 हजार 512 संक्रमित हैं जबकि न्यूयॉर्क शहर में यह आंकड़ा एक लाख 36 हजार 806 है। इससे पहले न्यूयॉर्क के गवर्नर एंड्रयू क्यूमो ने बताया कि रविवार को न्यूयॉर्क में 478 संक्रमितों की मौत हुई है जबकि शनिवार को 507 लोगों ने जान गंवाई थी।
इटली में संक्रमण मामलों में आई कमी
महामारी की शुरुआत के बाद पहली बार इटली में पहली बार संक्रमण के मामलों में कमी आई है। बीबीसी के मुताबिक, सिविल प्रोटेक्शन एजेंसी की चीफ एजेंलो बोरेली ने कहा कि पहली बार देश में संक्रमण के मामलों में कमी आई है। सोमवार तक यहां एक लाख आठ हजार 237 मरीज हैं, जो या तो अस्पताल में भर्ती हैं या घर में क्वारैंटाइन हैं। रविवार को 486 एक्टिव केस का इजाफा हुआ था। अमेरिका और स्पेन के बाद इटली तीसरा देश है, जहां संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले हैं। यहां अब तक 24 हजार से ज्यादा मौतें हुई हैं, जबकि एक लाख 81 हजार 228 संक्रमित हैं।
इसराईल में 13,713 मामलों की पुष्टि
इसराईल में 59 नए मामले आने के बाद देश में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 13,713 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि देशभर में अब तक 177 मरीजों की मौत हो गई है। 4,049 मरीज अब तक ठीक भी हो गए हैं। इसके अलावा 149 मरीज इंटेंसिव केयर में भर्ती हैं। इनमें से 99 वेंटीलेटर मशीन पर हैं। इजराइल ने लॉकडाउन और अन्य उपायों में ढील देना शुरू कर दी है। हालांकि दो से अधिक लोग एक साथ अभी भी बाहर नहीं घूम सकेंगे। यहां लोग सख्त प्रतिबंधों को लेकर प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।
दक्षिण कोरिया में 10 हजार से अधिक मामले
दक्षिण कोरिया में 24 घंटों के दौरान 9 नए मामले दर्ज किए गए। इसके बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 10 हजार 683 हो गई है। इस दौरान एक व्यक्ति की मौत के साथ मरने वालों की कुल संख्या 232 हो गई। देश में पिछले चार दिन से लगातार संक्रमितों का एक दिन का आंकड़ा 20 से कम रहा है। नए मामलों में पांच विदेशों से आए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र (केसीडीसी) ने मंगलवार को बताया कि संक्रमण से एक और व्यक्ति की मौत के साथ मृतकों की संख्या 237 हो गई जो कुल मामलों का 2.22% है। डाएगु और नॉर्थ ग्योंगसांग प्रांत में संक्रमितों की संख्या क्रमश: 6,835 और 1,361 हो गई है। लगभग 25 लाख की आबादी वाला डाएगु कोरोना के प्रसार का केंद्र बना हुआ है। डाएगु को सरकार ने ‘विशेष आपदा क्षेत्र’ घोषित किया है। सियोल और उसके निकटवर्ती ग्योंग्गी प्रांत में संक्रमितों की संख्या क्रमश: 626 और 658 पर आ गई है।






