हाईवे का मुआयने करने गए इंजीनियर को कांग्रेस विधायक ने कीचड़ से नहलाया

मुंबई: महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे के बेटे नितेश राणे पर सरकारी इंजीनियर के साथ मार-पीट का आरोप लगा है। नितेश राणे कनकवली विधानसभा से कांग्रेस पार्टी के विधायक हैं। नितेश राणे ने फेसबुक पर एक वीडियो पोस्ट किया है जिसमें वो इंजीनियर प्रकाश शेडकर पर कीचड़ फिंकवाते दिख रहे हैं। इसके अलावा जिस पुल पर वो खड़े थे उसी पर इंजीनियर को बांधने की भी कोशिश की गई। शेडकर हाईवे का मुआजना करने गए थे। वीडियो में नितेश राणे इंजीनियर के साथ गाली-गलौच करते भी दिखाई दे रहे हैं
घटना महाराष्ट्र के सिंधु दुर्ग जिले के कनकवली की है। यहां लगातार चार दिनों से बारिश हो रही है। इससे मुंबई-गोवा एक्सप्रेस वे बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। इससे लोगों में नाराजगी है। गुरुवार को नितेश राणे के नेतृत्व में स्वाभिमान संगठन के कार्यकर्ताओं ने हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के इंजीनियर प्रकाश शेडकर से मुलाकात की। एक्सप्रेस वे काम में देरी और गड्ढों के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए उन्हें कीचड़ से नहला दिया।
नितेश राणे कांग्रेस पार्टी से कनकवली विधानसभा से विधायक हैं। उनके पिता महाराष्ट्र के दिग्गज नेता हैं। वो पूर्व मुख्यमंत्री रह चुके हैं और फिलहाल वो बीजेपी के नॉमिनेशन पर राज्यसभा सांसद हैं। उनकी पार्टी का नाम महाराष्ट्र स्वाभिमान पक्ष है जो बीजेपी को समर्थन करती है। इससे पहले वो कांग्रेस और शिवसेना में भी रह चुके हैं।