वीके शशिकला को अस्पताल से मिली छुट्टी, कोरोना संक्रमित होने के कारण थीं भर्ती

बेंगलुरु। तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जे. जयललिता के करीबी वीके शशिकला नटराजन को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। कोरोना संक्रमित होने के कारण बेंगलुरु के विक्टोरिया अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। पिछले हफ्ते उन्हें यहां भर्ती कराया गया था। वह न्यायिक हिरासत में कोरोना संक्रमित हुई थीं। परिवार ने उसे चेन्नई ले जाने का फैसला किया है। करीबी सूत्रों ने इसकी जानकारी दी। डॉक्टरों ने उन्हें कुछ दिनों तक सेल्फ क्वारंटाइन में रहने की सलाह दी है।
अस्पताल ने शनिवार को जारी बुलेटिन में बताया था कि शशिकला को रविवार को अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है। अस्पताल से छुट्टी मिलने से पहले, विक्टोरिया अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रमेश कृष्णा ने संवाददाताओं को बताया कि हालत अब ठीक है।
शशिकला को बुधवार को आय से अधिक संपत्ति मामले चार साल जेल की सजा पूरी करने के बाद उन्हें रिहा कर दिया गया था। मामला जयललिता के 1991-1996 तक मुख्यमंत्री रहने के दौरान आय से अधिक 66.65 करोड़ रुपये की संपत्ति जमा करने से संबंधित था। उनको जेल अस्पताल से 20 जनवरी को सरकार द्वारा संचालित बॉरिंग एंड लेडी कर्जन अस्पताल ले जाया गया था। वहां तबियत और खराब होने के बाद उन्हें अगले दिन उन्हें विक्टोरिया अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां वो कोरोना से संक्रमित पाई गईं।
अस्पताल के बाहर उनके समर्थकों की भारी भीड़ देखने को मिली। बाहर आते ही शशिकला का उन्होंने अभिवादन किया। कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए क्षेत्र में 300 से अधिक पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया था।तमिलनाडु के सीमावर्ती जिले कृष्णागिरि के होसुर के उनके एक समर्थक ने समाचार एजेंसी को बताया कि यह उनके लिए एक त्योहार की तरह है। उनकी रिहाई तमिलनाडु में इस साल अप्रैल-मई में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले हुई है।






