नशेड़ी ने बुजुर्ग महिला और बहू को पीटा, बीच-बचाव करने आए बेटे को मारा चाकू

रायपुर। राजधानी रायपुर में चाकूबाजी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। पुरानी बस्ती इलाके के भाठागांव में एक शराबी को गाली-गलौज करने से मना करना युवक को भारी पड़ गया। शराबी ने उसकी मां व पत्नी से मारपीट कर दी। बीच-बचाव करने पर शराबी ने चाकू मारकर घायल कर दिया। शिकायत पर पुलिस ने अपराध कायम कर लिया।
पुरानी बस्ती पुलिस के मुताबिक भाठागांव निवासी बालाजी यादव (27) ने शिकायत दर्ज कराया कि 28 मई को आरोपित खिलावन पाल चेर बाड़ी घर के सामने नशे की हालत में गाली-गलौज कर रहा था। यह सुनकर उसकी मां मुनीराम यादव(60) और पत्नी कांति यादव (25) ने मना किया तो गुस्से में आकर खिलावन ने दोनों की हाथ-मुक्के से पिटाई करने लगा।
यह देखकर बालाजी बीच-बचाव करने सामने आया तो आरोपित ने विवाद करते हुए चाकू से उसके हाथ की कोहनी में वार कर भाग निकला। मारपीट व चाकू के हमले में घायल दो महिला समेत बालाजी यादव ने थाने पहुंचकर घटना की शिकायत की।पुलिस ने जांच के बाद आरोपित के खिलाफ अपराध कायम कर लिया।
इधर, दस किलो गांजा ले जाते दो युवक पुलिस के हत्थे चढ़े
आजाद चौक इलाके में गांजा की तस्करी कर रहे बाइक सवार दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब दस किलो गांजा बरामद किया है। आजाद चौक पुलिस के मुताबिक सोमवार रात दस बजे बिना नंबर की बाइक में प्लास्टिक की बोरी के अंदर गांजा भरकर मंदिर हसौद की तरफ से टाटीबंद की ओर जा रहे दो युवकों को पुलिस ने मुकुटनगर पानी टंकी के सामने रोका।
बोरे की तलाशी लेने पर नौ किलो 810 ग्राम गांजा मिला। पूछताछ करने पर आरोपितों ने अपना नाम होरी लाल निषाद (28) और हेमंत निषाद (28) निवासी ग्राम कुरूद,आंरग बताया। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।






