माल के शो रूम के सेल्समैन ने चुराए मोबाइल व अन्य सामान, गया जेल

भिलाई। सूर्या माल स्थित रिलायंस डिजिटल शो रूम में वहीं के सेल्समैन ने चोरी की। चोरी की जानकारी होने पर शो रूम के ब्रांच मैनेजर ने स्मृति नगर चौकी में प्राथमिकी दर्ज कराई थी
साथ ही उसने शो रूम के ही किसी कर्मचारी पर चोरी का संदेह जताया था। जांच के दौरान पुलिस ने दुकान के सेल्समैन को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी का मोबाइल और मोबाइल एसेसरीज जब्त किया है।
पुलिस ने बताया सूर्या माल के रिलायंस डिजिटल के ब्रांच मैनेजर पद्मनाभपुर निवासी अरुणांशु सेन गुप्ता ने चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने बताया कि 22 जून की शाम को शिकायत कर्ता को शो रूम के एसी रूम के एक कोने में मोबाइल का खाली डिब्बा मिला था। इससे शिकायत कर्ता को चोरी का संदेह हुआ।
उसने शो रूम के स्टाक की जांच की तो कुल पांच मोबाइल, स्मार्ट वाट, फिट बैंड और ईयरफोन गायब मिले।
जिसकी कुल कीमत दो लाख 92 हजार 412 रुपये आकी गई थी। शो रूम में किल 28 कर्मचारी काम करते हैं। शिकायतकर्ता ने आशंका जताई थी कि दुकान के ही किसी कर्मचारी ने इस वारदात को अंजाम दिया था। शिकायत की जांच के दौरान बाद पुलिस ने डौंडीलोहारा बालोद निवासी सुनील मंडावी (22) को गिरफ्तार किया।
आरोपित वर्तमान में जुनवानी बस्ती निवासी विष्णु सूर्यवंशी के यहां किराये पर रहता था। पूछताछ में आरोपित ने चोरी की बात स्वीकार की। आरोपित के पास से चोरी का सामान भी बरामद किया गया। उसके खिलाफ चोरी की धारा के तहत कार्रवाई की गई है।
– आरोपित ने की थी पांच मोबाइल और मोबाइल एसेसरीज की चोरी





