अब तक 1500 आंगनबाड़ी केंद्रों में एक लाख से अधिक बच्चों का वजन मापा गया

रायपुर: महिला एवं बाल विकास विभाग के द्वारा चलाए जा रहे कुपोषण दूर करो अभियान के अंतर्गत सात जुलाई से वजन त्योहार अभियान शुरू किया गया है। इसमें प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों का वजन मापकर उनके कुपोषण की जांच की जा रही है। अब तक रायपुर जिले में 1500 से अधिक आंगनबाड़ी केंद्रों में एक लाख से अधिक बच्चों का वजन मापा जा चुका है। जिले में 1800 से अधिक आंगनबाड़ी केंद्र हैं, जहां वजन त्योहार मनाया जा रहा है।
महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला परियोजना अधिकारी अशोक पांडेय ने बताया कि 1800 आंगनबाड़ी केंद्रों में लगभग एक लाख 61 हजार बच्चों को प्रतिदिन सुपोषित भोजन उपलब्ध करवाया जा रहा है। साथ ही बच्चों का वजन भी मापा जा रहा है, ताकि कुपोषित बच्चों की पहचान करके उनका विशेष ख्याल रखा जा सके। अब तक 1500 से अधिक आंगनबाड़ी केंद्रों में वजन त्योहार का लक्ष्य पूरा हुआ है। यह अभियान 16 जुलाई को समाप्त होगा। इसके बाद पता चलेगा कि जिले में कितने बच्चे कुपोषित हैं।
सेल्फी जोन आकर्षण का केंद्र
राजधानी के कई आंगनबाड़ी केंद्रों में सेल्फी जोन भी बनाया गया है। इसमें बच्चों का वजन मापने के पश्चात मां अपने बच्चे के साथ सेल्फी खिंचवा रही हैं। साथ ही संदेश दिया जा रहा है कि ज्यादा से ज्यादा माता-पिता अपने बच्चों का वजन करवाएं और बच्चों को कुपोषित होने से बचाएं। यदि बच्चे का वजन कम हो तो उसे विशेष पोषक आहार दिए जाने की सीख दी जा रही है।
गांव-गांव कर रहे अधिकारी जांच
शहरी क्षेत्र के विविध मोहल्लों में जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व में वजन त्योहार अभियान मना रहे हैं। विधायक सत्यनारायण शर्मा ने पिछले दिनों ग्रामीण विधानसभा के अनेक केंद्रों का निरीक्षण किया। महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी भी गांव-गांव पहुंचकर जांच कर रहे हैं। ग्रामीणों को प्रोत्साहित किया जा रहा है कि वे अपने बच्चों का वजन अवश्य कराएं।





