देश
छत्तीसगढ़ ने रोमांचक मुकाबले में मुंबई को एक रन से हराया

रायपुर। सैय्यद मुश्ताक अली ट्राफी में छत्तीसगढ़ ने मुंबई को एक रन से हराकर चौथे मैच में पहली जीत दर्ज की। आखिरी ओवर में जीत के लिए आठ रनों की जरूरत थी। लेकिन मुंबई की टीम छह रन ही बना सकी। छत्तीसगढ़ ने शानदार गेंदबाजी कर मैच अपने नाम कर लिया। मैच में छत्तीसगढ़ ने 157 रन बनाए थे। जवाब में मुंबई की टीम 156 रन ही बना सकी।
सोमवार को गुवाहाटी में मैच छत्तीसगढ़ और मुंबई के मध्य खेला गया। इसमें छत्तीसगढ़ की टीम ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। शशांक सिंह ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 28 गेंदों में चार चौके और चार छक्के की मदद से 57 रन की पारी खेली। वहीं अखिल हेरवाड़कर ने 56 गेंदों में 53 रन बनाए। अजय मंडल ने नाबाद 19 रन बनाए। छत्तीसगढ़ ने निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 157 रन बनाए।
158 रनों का पीछा करने उतरी मुंबई की टीम 156 रन की बना सकी। मुंबई टीम के कप्तान अंजिक्य रहाणे ने 55 गेंदों में 69 रन एसडी लाद ने 46 और शिवम दुबे ने 22 रनों की पारी खेली। गेंदबाजी में छत्तीसगढ़ की ओर से सुमित रूईकर और एम. रवि किरन ने दो-दो विकेट लिए।
दो वनडे में भी हरा चुकी है टीम
छत्तीसगढ़ की टीम में एक भी भारतीय टीम में शामिल खिलाड़ी नहीं है। जबकि मुंबई में कप्तान से लेकर बड़े-बड़े आइपीएल और भारतीय टीम में खेले हुए खिलाड़ी हैं। छत्तीसगढ़ टीम का प्रदर्शन मुंबई के सामने बेहतर रहा है। छत्तीसगढ़ इससे पहले वनडे में दो मुकाबले में मुंबई को हराया है।





