सालों से ताले में कैद रायसेन के मन्दिर में अभिषेक करेंगी उमा भारती,मुख्यमंत्री के पहुंचने के भी लगाए जा रहे कयास

प्राचीन रायसेन किला में कैद शिवलिंग को मुक्त कराने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती 11 अप्रैल को अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ किला के सोमेश्वर धाम मंदिर में शिवजी का अभिषेक करेंगी। इधर, भाजपा के सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का सोमवार को ही रायसेन आगमन संभावित है। चौहान सांची विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कउला में मतदाताओं का आभार व्यक्त करेंगे। कयास लगाए जा रहे हैं कि जनभावनाओं को देखते हुए सीएम चौहान रायसेन किला स्थित सोमेश्वर धाम मंदिर पूजन-अर्चना करने जा सकते हैं। भोपाल के विधायक रामेश्वर शर्मा ने भी इस मंदिर को खोलने व प्रतिदिन पूजन-पाठ होने के पक्ष में बयान देते हुए सीएम से बात करने को कहा था। गौरतलब है कि किला पर स्थित सोमेश्वर धाम शिव मंदिर के गर्भगृह में प्राचीन शिवलिंग स्थापित हैं। लेकिन भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग की ओर से गर्भगृह को वर्ष में एक बार शिवरात्रि पर सार्वजनिक दर्शनार्थ खोले जाते हैं। शेष दिन गर्भगृह में ताला लगा रहता है।






