केरलः चीन से लौटे 11 मरीजों को निगरानी में रखा गया, कोरोना की आशंका

नई दिल्ली: चीन से हाल के दिनों में भारत लौटे सैंकड़ों लोगों में से 11 को घातक कोरोनोवायरस से संक्रमण की जांच के लिए अस्पतालों में निगरानी में रखा गया है। इनमें से सात केरल में, दो मुंबई में और एक-एक हैदराबाद और बेंगलुरु में हैं। केंद्र और राज्य सरकार के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि इन 11 लोगों में मुंबई अस्पताल में निगरानी में रखे गए दो लोग और हैदराबाद तथा बेंगलुरु में रखे गए एक-एक व्यक्ति के मामले नकारात्मक रहे। केरल में अधिकारियों ने बताया कि 73 लोगों की स्वास्थ्य स्थिति पर नजर रखी जा रही है कि कहीं ये लोग कोरोनावायरस से तो प्रभावित नहीं हुए हैं।
इस विषाणु से संक्रमण का पहला मामला चीन के हुबेई प्रांत की राजधानी वुहान से सामने आया था। चीन में कोरोनावायरस के मद्देनजर बृह्ममुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) के कस्तूरबा अस्पताल में एक अलग वार्ड बनाया गया है। बीएमसी में कार्यकारी स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पद्मजा केस्कर ने बताया, च्च्ऐसे लोगों के निदान और उपचार के लिए एक अलग वार्ड बना दिया गया है जिनके कोरोनावायरस से संक्रमित होने की आशंका है।” केस्कर ने बताया कि निकाय के स्वास्थ्य अधिकारियों ने चीन से यहां आए दो लोगों को निगरानी में रखा है। उन्हें हल्का जुकाम है और सर्दी-जुकाम जैसे लक्षण हैं। उन्होंने बताया कि मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर नियुक्त डाक्टरों से कहा गया है कि चीन से आने वाले किसी भी यात्री के अगर कोरोनावायरस से संक्रमित होने के लक्षण नजर आते हैं तो उन्हें इस वार्ड में भेजने को कहा गया है। निजी प्रैक्टिस करने वाले चिकित्सकों को भी चीन से लौटे और इस तरह के लक्षण वाले लोगों का पता चलने पर उन्हें इस वार्ड में भेजने को कहा गया है।





