बाघ से जुड़े प्रश्नों का जवाब देकर पाएं आकर्षक पुरस्कार

बिलासपुर। अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस के उपलक्ष्य में 29 जुलाई को पर्यटकों के लिए कानन पेंडारी में कार्यक्रम रखा गया है। इसके तहत मुख्य द्वार पर ही पर्यटकों से बाघ से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे। सारे प्रश्न रोचक होंगे। सही जवाब देने वाले पर्यटकों को जू प्रबंधन की ओर से आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे। चिड़ियाघर होने के कारण इस विशेष दिवस के अवसर पर जू प्रबंधन द्वारा आयोजन करने का निर्णय लिया गया है।
इसे लेकर बुधवार को बैठक भी हुई। इसमें कुछ नया करने का सोचा गया। आपसी चर्चा के बाद ही सवाल- जवाब कार्यक्रम पर सहमति बनी। जू अधीक्षक संजय लूथर का कहना है कि इस कार्यक्रम के तहत 50 पर्यटकों से रोचक प्रश्न पूछे जाएंगे। इसमें वयस्क व बच्चे दोनों को शामिल किया जाएगा।
पुरस्कार भी ऐसा दिया जाएगा जिसमें कानन जू का मोनो या वन्य प्राणियों के चित्र प्रिंट रहेगी। ताकि पर्यटकों के लिए यह पुरस्कार हमेशा यादगार रहे। सवाल पूछने के लिए जू के मुख्य द्वार पर स्थित इंटरपीटिशन सेंटर में कर्मचारी मौजूद रहेंगे। पर्यटकों को अपने मुताबिक बुलाएंगे और उनसे प्रश्न पूछेंगे। पुरस्कार सही जवाब देने पर ही मिलेगा।
एटीआर के सभी रेंज में होगा आयोजन
अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस के अवसर पर अचानकमार टाइगर रिजर्व में भी आयोजन होगा। इस संबंध में डिप्टी डायरेक्टर सत्यदेव शर्मा ने सभी वन परिक्षेत्र अधिकारियों को निर्देश भी दिए हैं। इसमें चित्रकला, जागरूकता व अन्य प्रतियोगिताएं होंगी। परिचर्चा भी करने का निर्देश दिया गया है। चूंकि अभी टाइगर रिजर्व बंद है। इसलिए वन अमला टाइगर रिजर्व के अंदर बसे गांवों में जाकर इस आयोजन को करेगा।





