देश
आज से शुरू हुआ 15-18 वर्ष के किशोरों के लिए वैक्सीनेशन रजिस्ट्रेशन, जानें क्या है प्रोसेस?

कोविड के साए में नया साल दस्तक दे चुका है। लोगों ने कोरोना के दौर में दूसरी बार नववर्ष का स्वागत किया लेकिन इस बीच एक खुशखबरी भी है। दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिसंबर में कोविड टीकाकरण को लेकर बड़ा ऐलान किया था। पीएम मोदी ने कहा था कि 3 जनवरी से 15 से 18 वर्ष के किशोरों का टीकाकरण शुरू किया जाएगा। इसका रजिस्ट्रेशन 1 जनवरी यानी आज से शुरू हो चुका है।
स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि 15 वर्ष से 18 वर्ष की आयु के किशोरों के कोविड-19 रोधी टीकाकरण के लिए कोविन पोर्टल पर पंजीकरण शनिवार से शुरू हो गया। मांडविया ने ट्विटर के माध्यम से लोगों से अनुरोध किया कि वे टीकाकरण के लिए अपने परिवारों के पात्र किशोरों का पंजीकरण कराएं। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘बच्चे सुरक्षित, तो देश का भविष्य सुरक्षित।
नववर्ष के अवसर पर आज (शनिवार) से 15 वर्ष से 18 वर्ष की आयु के बच्चों के कोविड-19 रोधी टीकाकरण के लिए कोविन पोर्टल पर पंजीकरण शुरू किया जा रहा है। मेरा परिजनों से आग्रह है कि पात्र बच्चों के टीकाकरण के लिए उनका पंजीकरण कराएं।” उल्लेखनीय है कि 15 वर्ष से 18 वर्ष के किशोरों के लिए टीकाकरण तीन जनवरी से शुरू हो जाएगा।
ऐसे कराएं रजिस्ट्रेशन
- कोविड (Cowin) एप खोलें
- रजिस्टर पर जाएं
- यहां अपना मोबाइल नंबर भरें
- आधार कार्ड या 10वीं की मार्कशीट का नंबर डालें
- ओटीपी भरें
- वैक्सीन का चयन करें
- फिर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र का चयन करें






