ठेकेदार की मौत के सिलसिले में कर्नाटक के मंत्री केएस ईश्वरप्पा आज देंगे इस्तीफा

बेंगलुरूः उडुपी में एक ठेकेदार की मौत के सिलसिले में आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपों से घिरे कर्नाटक के मंत्री के एस ईश्वरप्पा ने कई दिनों के ना-नुकूर के बाद वीरवार को अपने पद से हटने की घोषणा की । बताया जा रहा है कि कर्नाटक के मंत्री केएस ईश्वरप्पा इस्तीफा देने जा रहे हैं, इसकी पुष्टि मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने की।
शुक्रवार को सीएम बोम्मई ने कहा कि ईश्वरप्पा ने खुद ही इस्तीफा देने का फैसला किया है और वह आज शाम को अपना त्यागपत्र सौंप देंगे। ठेकेदार संतोष पाटिल की कथित आत्महत्या के बाद विपक्षी दल ईश्वरप्पा के इस्तीफे की मांग के लिए दवाब बनाए हुए हैं।
इससे पहले ईश्वरप्पा ने शिवमोगा में संवाददाता सम्मेलन में कहा था कि मैंने कर्नाटक सरकार में ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज मंत्री के रूप में काम किया है। मैंने मंत्री पद से इस्तीफा देने का आज फैसला किया। उन्होंने कहा कि वह शुक्रवार को मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई को अपना त्यागपत्र सौंपेंगे। इस बीच विपक्षी दल कांग्रेस ने संकट में घिरे ईश्वरप्पा पर हमला तेज कर दिया एवं उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की।
बता दें कि बेलगावी के ठेकेदार संतोष पाटिल ने ईश्वरप्पा पर 40 फीसदी कमीशन मांगने का आरोप लगाने के बाद कथित तौर पर खुदकुशी कर ली थी. सीएम बोम्मई ने शुक्रवार को इस मामले में कहा कि विपक्ष को इस मामले में राजनीति करने को कोई जरूरत नहीं है। विपक्षी दल खुद ही जांच अधिकारी या जज न बने, जो कुछ सचाई होगी, जांच से सामने आ जाएगी।





