सुप्रीम कोर्ट का HC को निर्देश, इसी शुक्रवार को करें दिल्ली हिंसा मामले पर सुनवाई

नई दिल्लीः दिल्ली हिंसा पर सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली हाईकोर्ट को निर्देश दिया है कि वह इस मामले की सुनवाई इसी शुक्रवार को करे। साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने भड़काऊ भाषण के लिए नेताओं के खिलाफ प्राथमिकियां दर्ज करने की मांग वाली 10 दंगा पीड़ितों की याचिका को भी हाईकोर्ट के पास भेज दिया। बता दें कि इससे पहले दिल्ली हिंसा पर 13 अप्रैल में सुनवाई होनी थी लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट को निर्देश दिया कि अप्रैल से पहले ही इस मामले पर सुनवाई हो।
बता दें कि दिल्ली हिंसा में 46 लोगों की मौत हो चुकी है। केंद्र सरकार ने कार्यकर्त्ता हर्ष मंदर के खिलाफ घृणा भाषण के आरोपों को सुप्रीम कोर्ट के संज्ञान में लाया। सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने सीएए विरोधी आंदोलन के दौरान मंदर के कथित भाषण का हवाला दिया, सुप्रीम कोर्ट ने विधि अधिकारी से याचिका दायर करने को कहा है।
सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस से कथित नफरती भाषणों के लिए नेताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के अनुरोध वाली दंगा पीड़ित की याचिका पर 6 मार्च को सुनवाई करने को कहा।






